Gurugram News: फैमिली आईडी कैंप में 125 नागरिकों की समस्याओं का मौके पर समाधान
परिवार पहचान पत्र (फैमिली आईडी) से जुड़ी समस्याओं के समाधान और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से रविवार को भीम नगर स्थित मेयर कैंप कार्यालय में जागरूकता एवं शिकायत निवारण शिविर लगाया गया। मेयर कार्यालय और भाजपा संगठन के संयुक्त सहयोग से आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे।
गुरुग्राम: परिवार पहचान पत्र (फैमिली आईडी) से जुड़ी समस्याओं के समाधान और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से रविवार को भीम नगर स्थित मेयर कैंप कार्यालय में जागरूकता एवं शिकायत निवारण शिविर लगाया गया। मेयर कार्यालय और भाजपा संगठन के संयुक्त सहयोग से आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे।

शिविर में परिवार पहचान पत्र प्राधिकरण के प्रदेश प्रमुख एवं स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला, भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, मेयर राजरानी मल्होत्रा और वरिष्ठ भाजपा नेता हरविन्द कोहली सहित जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कैंप में नागरिकों ने फैमिली आईडी में आय, पारिवारिक विवरण, सदस्यों से संबंधित त्रुटियों, दस्तावेज सत्यापन और अन्य तकनीकी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। डॉ. सतीश खोला ने स्वयं लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों के अनुसार, शिविर में पहुंचे 125 नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों को भेजा गया है।
डॉ. सतीश खोला ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्पष्ट निर्देश है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए परिवार पहचान पत्र में दर्ज जानकारी को सही और अपडेट रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि फैमिली आईडी के माध्यम से विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पात्र लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि सरकार और संगठन का प्रयास है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दूर न जाना पड़े। वहीं मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि ऐसे शिविर जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के साथ समस्याओं के त्वरित समाधान में प्रभावी भूमिका निभाते हैं।
शिविर में नागरिकों को फैमिली आईडी से जुड़ी प्रक्रियाओं, सरकारी योजनाओं, पात्रता और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी दी गई। उपस्थित लोगों ने शिविर के आयोजन पर संतोष जताते हुए ऐसे कैंप नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।

About The Author
संबंधित समाचार



