Gurugram News: अरावली से गांव तक पहुंच रहे तेंदुए, तीन गोवंश का शिकार; रात में पहरा दे रहे ग्रामीण

Desh Rojana
On

सोहना क्षेत्र की अरावली पहाड़ियों की तलहटी में बसे मोहम्मदपुर गुर्जर गांव में इन दिनों दो तेंदुओं की लगातार गतिविधियों से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले कई दिनों से तेंदुए रात के समय गांव की आबादी और पशुओं के बाड़ों के आसपास दिखाई दे रहे हैं।

गुरुग्राम: सोहना क्षेत्र की अरावली पहाड़ियों की तलहटी में बसे मोहम्मदपुर गुर्जर गांव में इन दिनों दो तेंदुओं की लगातार गतिविधियों से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले कई दिनों से तेंदुए रात के समय गांव की आबादी और पशुओं के बाड़ों के आसपास दिखाई दे रहे हैं। अब तक तेंदुओं द्वारा दो बछियों और एक बछड़े समेत तीन गोवंश का शिकार किए जाने की बात सामने आई है।
 
leopard
 
ग्रामीणों का कहना है कि पानी और शिकार की तलाश में तेंदुए अरावली की पहाड़ियों से नीचे उतरकर गांव की ओर आ रहे हैं। पशुओं के बाड़ों में घुसकर वे मवेशियों को निशाना बना रहे हैं। तेंदुओं की बढ़ती आवाजाही के कारण ग्रामीणों ने शाम के बाद खेतों की तरफ जाना भी कम कर दिया है।
 
ग्रामीण हीरा प्रधान, देवेंद्र यादव और महाबीर के अनुसार, अरावली क्षेत्र में तेंदुओं की मौजूदगी नई बात नहीं है, लेकिन हाल के दिनों में उनकी गतिविधियां गांव की आबादी के नजदीक बढ़ गई हैं। रात के समय पहाड़ी से उतरकर तेंदुओं को गांव के आसपास घूमते देखा जा रहा है, जिससे लोगों में अनहोनी की आशंका बनी हुई है।
 
 मवेशियों की सुरक्षा के लिए रातभर निगरानी
तेंदुओं की सक्रियता से सबसे अधिक चिंता पशुपालकों में है। मवेशियों को सुरक्षित रखने के लिए ग्रामीण रातभर जागकर पहरा दे रहे हैं। पशुओं को बांधने वाले स्थानों के आसपास तेज रोशनी वाली लाइटें लगाई गई हैं। इसके अलावा ग्रामीण बड़ी टॉर्च लेकर खेतों और पशु बाड़ों के आसपास निगरानी कर रहे हैं।
 
पशु पालक लाला ने बताया कि तेंदुए उनके दो बछियों और एक बछड़े को अपना शिकार बना चुके हैं। उनका घर अरावली की पहाड़ियों की तलहटी में है और मवेशियों को पहाड़ी के नीचे बने बाड़े में बांधा जाता है। ग्रामीणों के मुताबिक, रात में तेंदुए पहाड़ी से उतरकर इन स्थानों तक पहुंचते हैं और मौका मिलते ही मवेशियों पर हमला कर देते हैं।
 
 वन विभाग ने निगरानी की बात कही
वन विभाग के स्थानीय अधिकारी खजान सिंह ने बताया कि अरावली के पहाड़ी क्षेत्र में जंगली जानवरों की आवाजाही होती रहती है। विभाग की ओर से क्षेत्र में निगरानी की जा रही है। मोहम्मदपुर गुर्जर गांव में तेंदुओं द्वारा मवेशियों का शिकार किए जाने की जानकारी विभाग के संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा और जंगली जानवरों से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

NELOFER HASHMI Picture

नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्‍स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad