Mewat/Firozepur Jhirka News: नगर पालिका प्रशासन ने हड़ताली कर्मियों को ड्यूटी पर लौटने का नोटिस भेजा
जारी नोटिस में एस्मा का जिक्र, हड़ताली कर्मचारियों ने कहा, नोटिस से डरने वाले नहीं, मांगें पूरी होने पर ही लौटेंगे ड्यूटी पर।
नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे सफाई कर्मचारियों और अन्य कर्मचारियों को नगर पालिका प्रशासन ने ड्यूटी पर लौटने का नोटिस जारी किया है।
फिरोजपुर झिरका: नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे सफाई कर्मचारियों और अन्य कर्मचारियों को नगर पालिका प्रशासन ने ड्यूटी पर लौटने का नोटिस जारी किया है। प्रशासन की ओर से जारी नोटिस में कर्मचारियों को हड़ताल समाप्त कर अपने कार्य पर लौटने के निर्देश दिए गए हैं। नोटिस में एस्मा (हरियाणा आवश्यक सेवा अनुरक्षण अधिनियम Essential Services Maintenance Act) का भी उल्लेख किया गया है।

गुरुवार को नगर पालिका के सचिव राजेश मेहता ने हड़ताली कर्मचारियों के बीच पहुंचकर प्रशासन की ओर से जारी नोटिस पढ़कर सुनाया। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे हड़ताल समाप्त कर ड्यूटी पर वापस लौटें और नगर की सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाने में सहयोग करें। सचिव ने कर्मचारियों को प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों की जानकारी भी दी।
वहीं, हड़ताली कर्मचारियों ने प्रशासन के नोटिस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि वे इस तरह के नोटिस से डरने वाले नहीं हैं। कर्मचारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी जायज मांगों को सरकार स्वीकार नहीं करती, तब तक वे हड़ताल समाप्त नहीं करेंगे। कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
कर्मचारी नेता मुकेश चावरिया ने सरकार पर कर्मचारी विरोधी नीति अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय नोटिस जारी कर दबाव बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपने अधिकारों और मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। यदि सरकार वास्तव में कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान चाहती है तो उन्हें बातचीत के लिए बुलाकर मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।
हड़ताली कर्मचारियों ने कहा कि वे प्रशासन की कार्रवाई से पीछे हटने वाले नहीं हैं। उनका कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगों को पूरा करने का भरोसा नहीं देती और ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने से शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है और जगह-जगह कूड़े के ढेर नजर आ रहे हैं।

About The Author
संबंधित समाचार



