Nuh Mewat News : शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल : उपायुक्त अखिल पिलानीे
परीक्षा परिणाम, विद्यालयी आधारभूत ढांचे और विद्यार्थियों की उपस्थिति सुधारने पर रहेगा विशेष फोकस
उपायुक्त अखिल पिलानी की अध्यक्षता में जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विद्यालयों के शैक्षणिक प्रदर्शन, आधारभूत ढांचे की स्थिति, विद्यार्थियों की उपस्थिति, डिजिटल सुविधाओं तथा विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
नूंह: उपायुक्त अखिल पिलानी की अध्यक्षता में जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विद्यालयों के शैक्षणिक प्रदर्शन, आधारभूत ढांचे की स्थिति, विद्यार्थियों की उपस्थिति, डिजिटल सुविधाओं तथा विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला एफएलएन कोऑर्डिनेटर डॉ कुसुम मलिक, जिला परियोजना अधिकारी योगेश कुमार तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

उपायुक्त ने बोर्ड परीक्षा परिणामों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन विद्यालयों का परीक्षा परिणाम 40 प्रतिशत से कम रहा है, उनके संबंध में जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उपायुक्त ने विद्यालयों के आधारभूत ढांचे की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त ने सभी विद्यालय मुखियाओं को निर्धारित समयावधि में आधारभूत संरचना संबंधी स्व-प्रमाणन पूरा करने तथा उसकी सत्यता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी दिनों में विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया जाएगा और यदि प्रमाणित जानकारी तथा वास्तविक स्थिति में कोई अंतर पाया गया तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
मानसून के मौसम को देखते हुए उपायुक्त ने जलभराव एवं अन्य संभावित जोखिम वाले विद्यालयों में सभी आवश्यक प्रबंध पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। यदि किसी विद्यालय में लापरवाही अथवा निर्देशों की अवहेलना की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त अखिल पिलानीे ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टपकन में हाल ही में हुई दीवार गिरने की घटना की भी समीक्षा की। उपायुक्त ने इस मामले में तकनीकी जांच, विभागीय जांच तथा उत्तरदायित्व निर्धारण की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में भवनविहीन विद्यालयों की स्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और निर्धारित समय में अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए सभी विद्यालयों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होना अनिवार्य है।
बैठक में विद्यालयों में पूर्ण हो चुके विकास कार्यों से संबंधित उपयोगिता प्रमाण-पत्रों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी लंबित उपयोगिता प्रमाण-पत्र समयबद्ध तरीके से प्रस्तुत किए जाएं ताकि विकास कार्यों से जुड़ी प्रशासनिक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी हो सकें।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने, कम उपस्थिति वाले विद्यालयों की पहचान करने, डिजिटल उपस्थिति प्रणाली विकसित करने, ऑनलाइन शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने, विद्यालयों में चलचित्र प्रदर्शन पहल, शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम, विद्यालय वर्गीकरण प्रणाली, ‘खेलो मेवात’ पहल के एकीकरण, ड्यूल डेस्क की उपलब्धता, डिजिटल आधारभूत संरचना तथा बड़े मरम्मत कार्यों की आवश्यकता वाले विद्यालयों की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर परिणाम प्राप्त करने के लिए सभी अधिकारियों को मिशन मोड में कार्य करना होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि बैठक में निर्धारित सभी कार्यों एवं लक्ष्यों को तय समयसीमा में पूरा किया जाए तथा प्रत्येक स्तर पर नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि जिले के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।




