Nuh/Mewat News: नूंह पुलिस ने 20 दिन में पकड़ी करीब साढ़े सात करोड़ रुपये की हेरोइन

2 किलो 125 ग्राम हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, क्रेटा कार जब्त; पुलिस खंगाल रही सप्लाई चेन और आर्थिक नेटवर्क

Desh Rojana
On

नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नूंह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अपराध जांच शाखा (सीआईए) तावडू और एंटी नारकोटिक्स सेल की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने दो कथित नशा तस्करों को 2 किलो 125 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 30 लाख रुपये है। 

नूंह: नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नूंह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अपराध जांच शाखा (सीआईए) तावडू और एंटी नारकोटिक्स सेल की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने दो कथित नशा तस्करों को 2 किलो 125 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 30 लाख रुपये है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन के मुताबिक, पिछले करीब 20 दिनों में नशा तस्करी के खिलाफ यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है।

WhatsApp Image 2026-09-22 at 10.49.19 AM

इससे पहले 26 अगस्त को 1 किलो 597 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 15 लाख रुपये बताई गई थी। दोनों मामलों को जोड़ें तो पुलिस के अनुसार करीब 7 करोड़ 45 लाख रुपये की हेरोइन बरामद की जा चुकी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरबाज पुत्र हाकमदीन निवासी नानुका, जिला नूंह और सलीम पुत्र कमरुदीन निवासी खेड़ी, जिला खैरथल-तिजारा, राजस्थान के रूप में हुई है।

रंगाला घाटी में नाकाबंदी कर दबोचे आरोपी:

पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने बताया कि नशा मुक्ति अभियान के तहत सीआईए तावडू प्रभारी उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो सक्रिय नशा तस्कर काले रंग की क्रेटा कार में हेरोइन लेकर रंगाला घाटी के रास्ते नानुका की तरफ आने वाले हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रंगाला घाटी के पास नाकाबंदी कर दी। पुलिस के मुताबिक संदिग्ध क्रेटा कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने कथित तौर पर कार को तेज गति से भगाने का प्रयास किया और पुलिस की सरकारी गाड़ियों को टक्कर मार दी। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया और दोनों आरोपियों को काबू कर लिया।

नियमानुसार राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान चालक की सीट के पीछे छिपाकर रखे 40 पैकेट बरामद हुए। जांच में इन पैकेटों में हेरोइन मिली, जिसका कुल वजन 2 किलो 125 ग्राम निकला। पुलिस ने मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर सील कर दिया और क्रेटा कार को भी जब्त कर लिया। आरोपियों के खिलाफ थाना सदर तावडू में एनडीपीएस एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

सप्लाई चेन की जड़ तक पहुंचेगी पुलिस:

एसपी डॉ. अर्पित जैन ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हेरोइन कहां से लाई गई, किससे खरीदी गई और आगे किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच के लिए सीआईए और थाना पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं। आरोपियों के संपर्क, सप्लाई नेटवर्क और आर्थिक गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।

एनडीपीएस मामलों में बढ़ोतरी का दावा: 

एसपी के अनुसार पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष नूंह जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों में दोगुने से अधिक बढ़ोतरी हुई है। उनके करीब पांच महीने के कार्यकाल में लगभग 81 एनडीपीएस मुकदमे दर्ज किए गए हैं और 125 से अधिक आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस का कहना है कि नशे की बिक्री और सप्लाई में शामिल लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।

मेडिकल नशे पर भी पुलिस की नजर:

डॉ. अर्पित जैन ने बताया कि जिले में मेडिकल नशे के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जल्द ही मेडिकल स्टोर संचालकों को नोटिस जारी करेगी। मेडिकल स्टोर पर सीसीटीवी समेत अन्य व्यवस्थाओं को लेकर निर्देश दिए जाएंगे। ड्रग विभाग को भी पत्र भेजकर केवल पंजीकृत मेडिकल स्टोर संचालित होने और दवाओं की बिक्री पर निगरानी सुनिश्चित करने को कहा जाएगा।

एसपी ने अभिभावकों से भी बच्चों की संगति और गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में पुलिस के साथ परिवार और समाज की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि जल्द ही पुलिस की ओर से व्हाट्सऐप नंबर शुरू किया जाएगा, जिस पर लोग नशा तस्करी, अवैध हथियार और अन्य अपराधों से संबंधित सूचनाएं पुलिस तक पहुंचा सकेंगे।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad