Nuh/Mewat News: जेल से जमानत पर बाहर आते ही गाड़ियों की छत पर चढ़कर निकाला जुलूस, सरपंच को जान से मारने की धमकी का आरोप, केस दर्ज

डीजे, आतिशबाजी और कथित अवैध हथियार लहराने का वीडियो वायरल, पूर्व सरपंच समेत 6 नामजद और 100-120 अन्य के खिलाफ केस दर्ज

Desh Rojana
On

 बिछौर थाना क्षेत्र के गांव नहेदा में जेल से जमानत पर बाहर आते ही कथित तौर पर शक्ति प्रदर्शन करते हुए जुलूस निकालने और मौजूदा सरपंच को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जुलूस में शामिल लोगों ने गाड़ियों की छत पर चढ़कर डीजे बजाया, आतिशबाजी की और कथित तौर पर अवैध हथियार लहराकर गांव में दहशत का माहौल पैदा किया। मामले में बिछौर थाना पुलिस ने पूर्व सरपंच नसरू समेत 6 नामजद लोगों और 100-120 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

नूंह: बिछौर थाना क्षेत्र के गांव नहेदा में जेल से जमानत पर बाहर आते ही कथित तौर पर शक्ति प्रदर्शन करते हुए जुलूस निकालने और मौजूदा सरपंच को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जुलूस में शामिल लोगों ने गाड़ियों की छत पर चढ़कर डीजे बजाया, आतिशबाजी की और कथित तौर पर अवैध हथियार लहराकर गांव में दहशत का माहौल पैदा किया। मामले में बिछौर थाना पुलिस ने पूर्व सरपंच नसरू समेत 6 नामजद लोगों और 100-120 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

WhatsApp Image 2026-09-22 at 11.11.57 PM
पुलिस को दी शिकायत में गांव नहेदा निवासी एवं वर्तमान सरपंच जुबैर ने आरोप लगाया कि गांव के नसरू पुत्र रहमान के खिलाफ पंचायत राशि में कथित धोखाधड़ी और गबन की शिकायत उन्होंने बीडीपीओ कार्यालय पुन्हाना में की थी। जांच के बाद बिछौर थाना में मुकदमा दर्ज हुआ और पुलिस ने नसरू को गिरफ्तार किया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, इसके बाद से ही नसरू और उसका परिवार उससे रंजिश रखने लगा।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 19 सितंबर को नूंह अदालत से नसरू को जमानत मिली। आरोप है कि जेल से बाहर निकलने के बाद उसने अपने समर्थकों के साथ शिकायतकर्ता और उसके परिवार को कथित तौर पर धमकाया। इसके बाद बड़ा मोड़-जुरहेड़ा रोड से गांव नहेदा तक करीब 10-12 गाड़ियों और 30-40 मोटरसाइकिलों के साथ जुलूस निकाला गया। शिकायत के मुताबिक जुलूस में डीजे बजाया गया और कुछ लोग गाड़ियों की छत पर चढ़े हुए थे।

आरोप है कि जुलूस के दौरान वाहनों को लापरवाही से चलाकर सड़क पर आम लोगों के आवागमन में बाधा उत्पन्न की गई। गांव में पहुंचने के बाद आतिशबाजी की गई और कुछ लोगों ने कथित तौर पर देशी कट्टा सहित अवैध हथियार लहराए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस घटनाक्रम से उसके परिवार में भय का माहौल बन गया और डर के कारण परिवार के लोग घर से बाहर नहीं निकल सके। शिकायतकर्ता ने वायरल वीडियो के आधार पर राशीद पुत्र याकूब, साबिर पुत्र आसीन, आशीफ पुत्र गबरू, तोफिक पुत्र फजरू और जाबिद पुत्र लीलू, सभी निवासी नहेदा, सहित अन्य लोगों की पहचान किए जाने की बात कही है। जुलूस से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल होने की बात सामने आई है।

पुलिस ने कहा- यातायात नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं:

नूंह पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि गाड़ियों की छत पर चढ़कर डीजे बजाने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने और हुड़दंगबाजी का मामला सामने आया है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि पुलिस अधीक्षक नूंह डॉ. अर्पित जैन के निर्देश पर यातायात नियमों का उल्लंघन और सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad