Yamuna Nagar News: आंगनवाड़ी वर्कर्स-हेल्पर्स का धरना 22वें दिन भी जारी
सीडीपीओ के 10 से 15 दिन में बकाया राशि खातों में पहुंचने के आश्वासन के बाद हेल्पर्स ने केंद्र खोलने का लिया निर्णय
आंगनवाड़ी वर्कर हेल्पर यूनियन रजिस्टर्ड-1442 के बैनर तले आंगनवाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स का धरना मंगलवार को 22वें दिन भी जारी रहा। आज के धरने की अध्यक्षता यूनियन की राज्य एवं जिला प्रधान कमलेश देवी ने की। अपनी प्रधान को धरने के बीच उपस्थित देखकर आंगनवाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स में उत्साह और जोश देखने को मिला।
यमुनानगर: आंगनवाड़ी वर्कर हेल्पर यूनियन रजिस्टर्ड-1442 के बैनर तले आंगनवाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स का धरना मंगलवार को 22वें दिन भी जारी रहा। आज के धरने की अध्यक्षता यूनियन की राज्य एवं जिला प्रधान कमलेश देवी ने की। अपनी प्रधान को धरने के बीच उपस्थित देखकर आंगनवाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स में उत्साह और जोश देखने को मिला।

धरने को संबोधित करते हुए कमलेश देवी ने कहा कि विभाग की ओर से बकाया भुगतान के लिए बजट मंगवाया जा चुका है और अब धीरे-धीरे सभी के बिल तैयार होने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिसके बाद बकाया राशि उनके खातों में आनी शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि महिला आंगनवाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स पिछले 22 दिनों से तेज धूप और गर्मी में धरने पर बैठने को मजबूर हैं, लेकिन विभाग की ओर से उनकी समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं किया गया।
इसी दौरान यूनियन की ओर से सीडीपीओ मैडम तरविंदर से बातचीत की गई। सीडीपीओ ने धरना स्थल पर पहुंचकर आंगनवाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स से बातचीत की और आश्वासन दिया कि उनकी बकाया राशि की प्रक्रिया चल रही है तथा लगभग 10 से 15 दिनों के भीतर राशि उनके बैंक खातों में पहुंचने की संभावना है।
सीडीपीओ के आश्वासन के बाद यूनियन ने निर्णय लिया कि बुधवार से आंगनवाड़ी हेल्पर्स अपने-अपने आंगनवाड़ी केंद्रों को नियमित रूप से खोलेंगी और केंद्र से संबंधित कार्य करेंगी। हालांकि, आंगनवाड़ी वर्कर्स का धरना जारी रहेगा। यूनियन ने यह भी निर्णय लिया कि अब धरना अनाज मंडी में न होकर जगाधरी शहरी सीडीपीओ कार्यालय में दिया जाएगा।
आज के धरने में रादौर ब्लॉक की प्रधान सरबजीत तथा जगाधरी ग्रामीण ब्लॉक की प्रधान ओम देवी भी मौजूद रहीं। इसके अलावा जगाधरी शहरी ब्लॉक से सुनीता, अंग्रेजो, वंदना, सरोज, सुमन, आशा, सुमित, गुरप्रीत, निशा, आरती, अंजू, जसविंदर सहित सैकड़ों आंगनवाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स उपस्थित रहीं।




