Palwal News: बेटियां अपनी मेहनत, लगन और क्षमता के बल पर छू रही हैं नई ऊंचाइयां : गौरव गौतम

पलवल में आयोजित हुई 14-18 वर्ष की बालिकाओं की मैराथन

Desh Rojana
On

कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने तथा युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से रविवार को पलवल में 14 से 18 वर्ष की लड़कियों की मैराथन का आयोजन किया गया। यह मैराथन जिला प्रशासन पलवल और वी सत्या फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुई।

पलवल : कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने तथा युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से रविवार को पलवल में 14 से 18 वर्ष की लड़कियों की मैराथन का आयोजन किया गया। यह मैराथन जिला प्रशासन पलवल और वी सत्या फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुई। हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने बतौर मुख्य अतिथि मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 01इस मैराथन में जिले के विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं सहित अन्य लड़कियों, युवाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक और पूरे जोश के साथ भाग लिया।
मैराथन सेक्टर-2 स्थित सामुदायिक केंद्र से प्रारंभ होकर क्लॉक सेंटर, कमेटी चौक, मिनार गेट और आगरा चौक से होती हुई नेताजी सुभाषचंद्र बोस इंडोर स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई।02 कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशे से दूर रहने और नियमित व्यायाम के प्रति प्रेरित करना था।
मुख्य अतिथि खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने समापन समारोह में प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज की बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और अपनी मेहनत, लगन तथा क्षमता के बल पर नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बेटियां केवल शिक्षा, विज्ञान और प्रशासन तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि खेल जगत में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर देश और समाज का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि खेल आज बेटियों के आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ाने का एक प्रभावी माध्यम बन चुका है।
खेल राज्य मंत्री ने कहा कि खेल व्यक्ति को अनुशासन, टीम भावना और संघर्ष करने की प्रेरणा देते हैं। खेलों के माध्यम से युवाओं में मानसिक और शारीरिक विकास के साथ-साथ सकारात्मक सोच का भी निर्माण होता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं और मोबाइल व अन्य अनावश्यक गतिविधियों से दूरी बनाकर खेल गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लें। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और मजबूत मन के निर्माण में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है तथा युवा पीढ़ी को इसे अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए।

जीवन में खेल और फिटनेस को नियमित दिनचर्या का बनाएं हिस्सा : गौरव गौतम
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी विशेषकर बेटियों का उत्साह देखकर गर्व महसूस होता है। उन्होंने कहा कि नियमित दौड़ और व्यायाम शरीर को स्वस्थ रखने का सबसे अच्छा माध्यम है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में खेल और फिटनेस को नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाएं तथा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहें। उन्होंने कहा कि यदि शरीर स्वस्थ रहेगा तो परिवार, समाज और राष्ट्र भी स्वस्थ रहेगा। उन्होंने छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी सराहना करते हुए कहा कि बेटियां भारतीय संस्कृति और संस्कारों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से जीवन में आगे बढकऱ हरियाणा और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

मेधावी विद्यार्थियों और विजेता प्रतिभागियों को किया सम्मानित
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने मैराथन में विजेता रही लड़कियों नामत: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फतेहपुर बिल्लौच की नेहा सैनी ने प्रथम, तक्षशिला पब्लिक स्कूल पलवल की प्रिया ने द्वितीय, सेंट एंथोनी स्कूल पलवल की निलाक्षी ने तृतीय, ग्रीन वैल पब्लिक स्कूल पलवल की कोमल ने चतुर्थ और एसबीएस चांदहट की प्रिया को पांचवा स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान सीबीएसई एवं एचबीएसई बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने वाले छात्र-छात्राओं तथा मैराथन के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समापन समारोह में स्कूल की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला, एसडीएम पलवल भूपेंद्र सिंह, नगराधीश प्रीति रावत, डीएसपी मनोज वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी मामराज रावत, उप सिविल सर्जन डा. रामेश्वरी वर्मा, वी सत्या फाउंडेशन की चेयरपर्सन डा. नंदिनी महलावल, दीपक महलावल सहित अन्य अधिकारी, गणमान्य नागरिक, महिलाएं, युवा और अधिक संख्या लड़कियां उपस्थित रहीं।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad