Palwal news : एसपीएस इंटरनेशनल में अलंकरण समारोह, विद्यार्थियों को सौंपी नेतृत्व की जिम्मेदारी
खेल, शिक्षा और अनुशासन का संगम है एसपीएस इंटरनेशनल : गौरव गौतम
एसपीएस इंटरनेशनल स्कूल में विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, उत्तरदायित्व, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने के उद्देश्य से अलंकरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
पलवल। एसपीएस इंटरनेशनल स्कूल में विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, उत्तरदायित्व, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने के उद्देश्य से अलंकरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में हरियाणा सरकार के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
दीप प्रज्वलन के बाद विद्यालय के विद्यार्थियों ने एसपीएसआई बैंड के बैनर तले शानदार वाद्यवृंद प्रस्तुति दी। इसके बाद संगीत, नृत्य और नेतृत्व अभिनय के माध्यम से महाभारत के विभिन्न प्रसंग प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से नेतृत्व की महत्ता का संदेश दिया। बताया गया कि सच्चा नेतृत्व केवल अधिकार प्राप्त करना नहीं, बल्कि कठिन परिस्थितियों में सही निर्णय लेना, दूसरों का मार्गदर्शन करना और अपने कर्तव्य के प्रति समर्पित रहना है। समारोह में विद्यार्थी परिषद के सत्र 2026-27 के नवनियुक्त सदस्यों का अलंकरण किया गया। प्रधान छात्र, प्रधान छात्रा, खेल, सांस्कृतिक और अनुशासन विभाग के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न सदनों एवं प्रकोष्ठों के कप्तानों और उपकप्तानों को बैज एवं सैशे पहनाकर सम्मानित किया गया।
विद्यार्थी परिषद सत्र 2026-27 में प्रधान छात्र घनिष्ठ और प्रधान छात्रा राखी को चुना गया। खेल कप्तान शितिज तथा उपकप्तान सृष्टि, सांस्कृतिक कप्तान पुष्प तथा उपकप्तान आदित्य और अनुशासन कप्तान कनिका तथा उपकप्तान नीरज बनाए गए। पटेल सदन के कप्तान उमेश और उपकप्तान शांभवी, कलाम सदन के कप्तान राघव और उपकप्तान पारुल, विवेकानंद सदन की कप्तान अनुष्का और उपकप्तान एंजल तथा बोस सदन के कप्तान नित्य और उपकप्तान रचित बनाए गए। वहीं मार्गदर्शन प्रकोष्ठ की कप्तान तारुशी और उपकप्तान प्रियंका, नशा विरोधी प्रकोष्ठ के कप्तान अंकुर और उपकप्तान अनुष्का तथा संवाद क्लब की कप्तान वरुणा और उपकप्तान आयुषी को जिम्मेदारी सौंपी गई। अलंकरण समारोह के दौरान सभी नवनियुक्त कप्तानों और उपकप्तानों ने अपने पद की गरिमा बनाए रखने तथा विद्यालय के अनुशासन एवं मूल्यों को सर्वोपरि रखते हुए जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने हरियाणवी सांस्कृतिक नृत्य की शानदार प्रस्तुति देकर प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं की झलक प्रस्तुत की। प्रस्तुति ने समारोह में मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा वातावरण उत्साह एवं उमंग से भर गया। मुख्य अतिथि गौरव गौतम ने कहा कि एसपीएस इंटरनेशनल ऐसा विद्यालय है, जहां शिक्षा, अनुशासन और खेल का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। विद्यालय विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रखता, बल्कि नेतृत्व, आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता, सहयोग, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे जीवन मूल्यों से भी समृद्ध कर रहा है। उन्होंने कहा कि एसपीएस इंटरनेशनल के विद्यार्थियों में न केवल भारत, बल्कि वैश्विक स्तर पर नेतृत्व करने की क्षमता दिखाई देती है। उन्होंने नवनियुक्त विद्यार्थी परिषद के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नेतृत्व किसी पद या बैज का नाम नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, सेवा, अनुशासन और सही दिशा में दूसरों का मार्गदर्शन करने की भावना है। गौरव गौतम ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के राष्ट्र निर्माता हैं। ऐसे शैक्षणिक संस्थान विद्यार्थियों में नेतृत्व के बीज बोकर सशक्त एवं विकसित भारत की नींव तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यालय की ओर से शिक्षा और खेल के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।
विद्यालय के संस्थापक सुरेश भारद्वाज ने कहा कि अलंकरण समारोह विद्यार्थियों को नेतृत्व की वास्तविक भावना से परिचित कराने का महत्वपूर्ण अवसर है। विद्यार्थी परिषद के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्णय लेने, दल का नेतृत्व करने, समस्याओं का समाधान करने तथा विद्यालय और समाज के प्रति अपने उत्तरदायित्व को समझने का अवसर मिलता है। समारोह में वाद्यवृंद प्रस्तुति, नेतृत्व अभिनय, हरियाणवी सांस्कृतिक नृत्य सहित विभिन्न प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। विद्यार्थियों के उत्साह, अनुशासन और प्रतिभा की शानदार झलक देखने को मिली। इस अवसर पर केसीएम वर्ल्ड स्कूल के प्रबंध निदेशक अनिल भारद्वाज, धर्म पब्लिक स्कूल के अध्यक्ष पवन अग्रवाल, संत दर्शन स्कूल के अध्यक्ष राजेंद्र राणा, स्वामी विवेकानंद इंटर सेकेंडरी स्कूल के अध्यक्ष मोहर सिंह दहिया, निशांत पब्लिक स्कूल के अध्यक्ष निशांत तनेजा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य और शिक्षकगण ने नवनियुक्त विद्यार्थी परिषद के सदस्यों को नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं।

About The Author
संबंधित समाचार



