एनएचपीसी चौक से बाईपास रोड तक सड़क निर्माण में गुणवत्ता जांचने के बाद ही जारी होगी पेमेंट
निर्माण कार्यों की तकनीकी संस्तुति और गुणवत्ता की पूरी तरह जांच नहीं हो जाती, तब तक किसी भी ठेकेदार को भुगतान जारी नहीं किया जाए: - धीरेंद्र खड़गटा
नगर निगम फरीदाबाद के आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देशों पर एनएचपीसी चौक से लिंक रोड तक बनाई जा रही सड़क में घटिया सामग्री के उपयोग की शिकायत मिलने के बाद निगम प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए सड़क के खराब हिस्से को ठेकदार से उखड़वाकर दोबारा निर्माण कराने की प्रक्रिया शुरू करा दी है।
फरीदाबाद। नगर निगम फरीदाबाद के आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देशों पर एनएचपीसी चौक से लिंक रोड तक बनाई जा रही सड़क में घटिया सामग्री के उपयोग की शिकायत मिलने के बाद निगम प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए सड़क के खराब हिस्से को ठेकदार से उखड़वाकर दोबारा निर्माण कराने की प्रक्रिया शुरू करा दी है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार लगभग 1.88 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जा रही इस सड़क के निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा गुणवत्ता पर सवाल उठाए गए थे। शिकायत मिलने के बाद नगर निगम के मुख्य अभियंता एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके का निरीक्षण किया गया। जांच में पाया गया कि सड़क के कुछ हिस्सों में निर्माण कार्य की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं है।
निरीक्षण के बाद निगम प्रशासन ने तुरंत प्रभाव से संबंधित निर्माण कंपनी को कार्य रोकने के निर्देश दिए और जहां-जहां घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है, वहां सड़क को उखाड़कर दोबारा निर्माण करने के आदेश जारी किए गए।
इसके बाद निर्माण एजेंसी द्वारा सड़क की खुदाई शुरू कर दी गई है ताकि निर्धारित मानकों के अनुसार पुनः निर्माण कार्य किया जा सके। उसके साथ ही सड़क निर्माण कार्य के दौरान एनएचपीसी चौक से बाईपास रोड तक एक महीने के लिए ट्रैफिक को रोकने के लिए पुलिस विभाग को पत्र जारी किया गया है। उन्होंने कहा की कई बार सड़क निर्माण करने के बाद देखा गया है की नई सड़क से वाहन निकलना शुरू हो जाते हैं जबकि सड़क पूरी तरह से परिपक्व नहीं होती ,जिससे सड़क खराब हो जाती है*।
नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और यदि किसी परियोजना में मानकों का पालन नहीं किया जाता है तो संबंधित एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने तक की कार्रवाई की जा सकती है।
आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि नगर निगम क्षेत्र में कही भी जब तक ठेकेदार द्वारा किए जा रहे कार्य की तकनीकी संस्तुति और गुणवत्ता की पूरी तरह जांच नहीं हो जाती, तब तक किसी भी ठेकेदार को भुगतान जारी नहीं किया जाएगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी परियोजनाएं तय मानकों के अनुरूप ही पूरी हों।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि शहर में चल रहे सभी विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और नागरिकों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि गत 24 अप्रैल को निगम के चीफ इंजीनियर ने इस सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया तो उसमें कमियां नजर आई और गर 29 अप्रैल को सड़क बनाने वाली एजेंसी को निगम द्वारा नोटिस जारी किया जा चुका था। बीच में आई बरसात के कारण कार्य में रुकावट आई थी लेकिन अब सड़क के कार्य को शुरू कर दिया गया है।

About The Author
संबंधित समाचार



