फरीदाबाद: गौछी गांव में कबाड़ जलाने पर FIR, तीन लोगों पर पर्यावरण कानून के तहत केस दर्ज
फरीदाबाद के गौछी गांव में खुलेआम कबाड़ जलाकर वायु प्रदूषण फैलाने के मामले में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की शिकायत पर थाना मुजेसर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
फरीदाबाद से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां गौछी गांव में खुलेआम कबाड़ जलाकर वायु प्रदूषण फैलाने की शिकायत दर्ज की गयी है। इस मामले में हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की शिकायत के बाद थाना मुजेसर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत मिलने के बाद 21 मई की सुबह करीब 10 बजकर 19 मिनट पर सहायक पर्यावरण अभियंता पुनीत पाठक अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान टीम को मिला कि गौछी गांव में खुलेआम कबाड़ जलाया जा रहा था,

जिससे वातावरण में भारी प्रदूषण फैल रहा था।जांच में भरतलाल, चरण सिंह और जीत राम को मौके पर कबाड़ जलाते पाया गया। मौके की तस्वीरें लेकर निरीक्षण रिपोर्ट तैयार की गई, जिसमें यह गतिविधि पर्यावरण नियमों का उल्लंघन पाई गई। इसके बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने पुलिस को शिकायत भेजकर कानूनी कार्रवाई की मांग की। मामले की जांच एएसआई बेदराम द्वारा की गई, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद थाना मुजेसर में पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 की धारा 15 के तहत तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।




