डीटीपी का अतिक्रमण महाभियान : दूसरे दिन भी खूब गरजा पीला पंजा
एक साथ आठ अलग अलग टीमों ने गोल्फ कोर्स रोड सहित कई स्थानों हटाया अतिक्रमण
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा एस+4 पॉलिसी पर रोक के उपरांत हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (एन्फोर्समेंट) विभाग द्वारा चलाया जा रहा अतिक्रमण विरोधी महाअभियान दूसरे दिन भी पूरी सख्ती और बड़े पैमाने पर जारी रहा।
गुरुग्राम: पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा एस+4 पॉलिसी पर रोक के उपरांत हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (एन्फोर्समेंट) विभाग द्वारा चलाया जा रहा अतिक्रमण विरोधी महाअभियान दूसरे दिन भी पूरी सख्ती और बड़े पैमाने पर जारी रहा। गुरुग्राम की आठ प्रमुख लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में एक साथ कार्रवाई करते हुए सड़कों के राइट ऑफ वे (ROW), ग्रीन एरिया एवं सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
इस अभियान की निगरानी डीटीपी (एन्फोर्समेंट) अमित मधोलिया द्वारा की गई। सभी टीमों ने समन्वित ढंग से कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों, अस्थाई ढांचों एवं सार्वजनिक भूमि पर कब्जों को हटाया।

अभियान से पूर्व विभाग द्वारा नागरिकों को अपने परिसरों के बाहर किए गए अतिक्रमण को स्वयं हटाने की अपील की गई थी। इसके बावजूद उल्लंघन पाए जाने पर विभाग द्वारा बिना किसी छूट के सख्त कार्रवाई की जा रही है।
दूसरे दिन की पूरी कार्रवाई का ब्यौरा
-- पार्क- ग्रीन एरिया पर अतिक्रमण हटाया : 290
-- गार्ड रूम- पोर्टा केबिन हटाए गए: 150 से अधिक
-- रैंप- सीढ़ियां हटाई गईं: 125 से अधिक
- चारदीवारी- फेंसिंग हटाई गई: 150 से अधिक
-- अवैध गेट- बैरियर हटाए गए: 100 से अधिक
- शेड- दुकान- कियोस्क हटाए गए: 115 से अधिक
-- डीजी सेट, बैरिकेडिंग व अन्य ढांचे हटाए गए: अनेक स्थानों पर
-- 300 से अधिक मकानों- स्थानों के सामने से सामान्य अतिक्रमण हटाया गया
एरिया वाइज ये हुई कार्रवाई
लगभग 30 लेनों और 378 मकानों को कवर करते हुए 300 से अधिक मकानों पर कार्रवाई की गई। अवैध पार्क, ग्रिल, ईंट की दीवारें, गार्ड रूम, रैंप सहित 125 से अधिक ग्रीन एरिया अतिक्रमण हटाए गए। गोल्फकोर्स रोड सर्विस रोड पर 40 से अधिक मकानों में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों के आगे पसरे अतिक्रमण पर चलाया बुलडोज़र
साउथ सिटी-1
24 अवैध निर्माण, गार्ड रूम, मकानों के लॉन ग्रिल, 12 विज्ञापन बोर्ड हटाए गए। 11 डीजी सेट पर मामला दर्ज़ कराने की चेतावनी दी गई, जिनमें से 2 हटाए गए।
पालम विहार
एच, ई ब्लॉक सहित कई स्थानों पर 70 से अधिक मकानों के सामने से अतिक्रमण, फेंसिंग एवं सड़क पर कब्जे हटाए गए।
सुशांत लोक-3
गार्ड रूम, बैरियर, रैंप, दीवारें और 50 से अधिक स्थानों पर ग्रीन एरिया अतिक्रमण हटाया गया।
रोजवुड सिटी
गार्ड रूम, रैंप- स्टेप्स, फेंसिंग सहित अन्य अस्थाई ढांचे हटाए गए।
आरडी सिटी
गार्ड रूम, पार्किंग शेड, रैंप, 40 से अधिक फेंसिंग और 11 होर्डिंग्स हटाए गए।
विपुल वर्ल्ड
ग्रीन एरिया में 24 अवैध बैरिकेडिंग, रैंप, सीढ़ियां, दीवारें एवं गार्ड रूम हटाए गए।
सनसिटी
15 पार्किंग शेड, 20 स्टेप्स यूनिट, 10-12 रैंप अतिक्रमण एवं गार्ड रूम हटाए गए।
अभियान रहेगा जारी
डीटीपीई (एन्फोर्समेंट) अमित मधोलिया ने स्पष्ट किया कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और गुरुग्राम की सभी लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण हटाया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे नियमों का पालन करें और स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर प्रशासन का सहयोग करें, अन्यथा नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

About The Author
संबंधित समाचार



