Gurugram News: फ्लैट दिलाने के नाम पर 242 लोगों से ठग लिए करोड़ों रुपये, अब चढ़ गया पुलिस के हत्थे
सेक्टर-55, स्थित "सुनहरा अपना घर सोसायटी" के 94 फ्लैट्स के नाम पर की ठगी
पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा-1 ने फ्लैट दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को दो दिन पहले दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनुभव (उम्र 33 वर्ष) निवासी मोहन गार्डन, दिल्ली के रूप में हुई है।
गुरुग्राम: पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा-1 ने फ्लैट दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को दो दिन पहले दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनुभव (उम्र 33 वर्ष) निवासी मोहन गार्डन, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस टीम द्वारा आरोपी के विरुद्ध वर्ष 2025 में लुक आउट सर्कुलर जारी करवाया गया था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से पहले आरोपी आठ जून को इंडोनेशिया जाने की फिराक में था, जिसे पुलिस टीम ने दिल्ली एयरपोर्ट पर धर दबोचा।

पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि वह इस ठगी के मास्टरमाइंड और मुख्य आरोपी ईशपाल भारद्वाज का पुत्र है। आरोपी ने अपने पिता ईशपाल भारद्वाज तथा अन्य आरोपियों के साथ मिलकर "सुनहरा अपना घर सोसायटी" के माध्यम से लोगों को फ्लैट देने का झांसा देकर उनसे करोड़ों रुपये एकत्रित किए तथा उन्हें न तो फ्लैट दिए और न ही उनकी राशि वापस की। पूछताछ में यह भी ज्ञात हुआ कि आरोपी सोसायटी का अधिकृत व्यक्ति न होते हुए भी सोसायटी को बेचने के नाम पर अन्य कंपनी के साथ फर्जी तरीके से एमओयू साइन करके लाखों रुपये की ठगी करने तथा कंपनी के नाम पर फर्जी बैंक खाता खुलवाने में शामिल रहा। इन बैंक खाते में फ्लैट आवंटन के नाम पर प्राप्त करोड़ों रुपये जमा करवाए गए, जिनका आरोपियों द्वारा गबन कर लिया गया।
इस तरह की ठगी
तीन अप्रैल 2017 को एक महिला ने लिखित शिकायत के माध्यम से बताया कि वर्ष 2006-07 में ईशपाल भारद्वाज द्वारा सेक्टर-55, गुरुग्राम स्थित "सुनहरा अपना घर सोसायटी" में फ्लैट दिलाने का झांसा देकर उससे वर्ष 2008 से 2013 के बीच विभिन्न किस्तों में लगभग ₹37.50 लाख प्राप्त किए गए। इसके उपरांत वर्ष 2013 में परियोजना का निर्माण कार्य बंद कर दिया गया तथा कई वर्ष बीत जाने के बावजूद न तो फ्लैट का कब्जा दिया गया और न ही जमा करवाई गई राशि वापस की गई। शिकायत के बाद पुलिस थाना सेक्टर-56 में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। जिसकी जांच आर्थिक अपराध शाखा-एक को सौंपी गई।
इस मामले में शामिल आरोपी अनुभव, ईशपाल भारद्वाज, अमित कुमार, प्रदीप कुमार, संदीप व जगबीर सहित कुल 6 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
पुलिस आरोपी को अदालत में पेश करके 2 दिन के रिमांड पर लिया है । पुलिस टीम द्वारा आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है। अभियोग में ठगी गई धनराशि की बरामदगी, अन्य संलिप्त व्यक्तियों की पहचान तथा मामले से जुड़े वित्तीय लेन-देन के संबंध में जांच जारी है।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



