Gurugram News: सेक्टर-29 में हाईटेक बस टर्मिनल की तैयारी

सफर के साथ एक ही छत के नीचे शॉपिंग मॉल, मल्टीप्लेक्स और रेस्टोरेंट की सुविधा

Desh Rojana
On

साइबर सिटी में सार्वजनिक परिवहन के ढांचे को पूरी तरह से बदलने और इसे एक वैश्विक पहचान देने की दिशा में हरियाणा सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। हरियाणा राज्य परिवहन विभाग ने शहर के प्राइम लोकेशन सेक्टर-29 में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत एक अत्याधुनिक और बेहद हाईटेक बस टर्मिनल विकसित करने की आधिकारिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

गुरुग्राम: साइबर सिटी में सार्वजनिक परिवहन के ढांचे को पूरी तरह से बदलने और इसे एक वैश्विक पहचान देने की दिशा में हरियाणा सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। हरियाणा राज्य परिवहन विभाग ने शहर के प्राइम लोकेशन सेक्टर-29 में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत एक अत्याधुनिक और बेहद हाईटेक बस टर्मिनल विकसित करने की आधिकारिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना की सबसे खास बात यह होगी कि यहां यात्रियों को सिर्फ बस पकड़ने की सुविधा ही नहीं मिलेगी, बल्कि वे एक ही छत के नीचे सफर के साथ-साथ शॉपिंग मॉल, मल्टीप्लेक्स (सिनेमा), और बेहतरीन रेस्टोरेंट जैसी विश्वस्तरीय सुविधाओं का आनंद उठा सकेंगे।haryana road
 
252 करोड़ रुपये का अनुमानित बजट 
इस विशाल और आधुनिक ट्रांसपोर्ट हब को तैयार करने के लिए कुल 252 करोड़ रुपये का बजट अनुमानित रखा गया है. इस परियोजना को तेजी से अमलीजामा पहनाने के लिए परिवहन विभाग ने पात्र और इच्छुक कंपनियों से प्रस्ताव (रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल) आमंत्रित करने की प्रक्रिया एक जून से शुरू कर दी है। विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, एक पारदर्शी, खुली और प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के जरिए कंसेशनेयर (एजेंसी) का चयन किया जाएगा। जो भी कंपनी चुनी जाएगी, वही इस बस टर्मिनल के विकास, रोजाना के संचालन और उसके रखरखाव की पूरी जिम्मेदारी संभाली।
परिवहन विभाग चंडीगढ़ के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार सेक्टर-29 में विकसित होने वाले इस मॉडर्न बस टर्मिनल में परिवहन के साथ-साथ बड़े स्तर पर व्यावसायिक गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी। इस परियोजना को फरीदाबाद के एनआईटी  स्थित आधुनिक बस पोर्ट की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है।
 
टर्मिनल की मुख्य विशेषताएं 
मल्टी-स्टोरी हब : परिसर के भीतर ही अत्याधुनिक शॉपिंग मॉल, मल्टीप्लेक्स सिनेमा, इंटरनेशनल फूड कोर्ट और होटल-रेस्टोरेंट की सुविधा होगी।
 
यात्री आराम : पूरी तरह वातानुकूलित (एसी) प्रतीक्षालय, आरामदायक बैठने की व्यवस्था और आधुनिक डिजिटल टिकटिंग काउंटर बनाए जाएंगे।
 
पार्किंग व्यवस्था : यात्रियों और आगंतुकों के वाहनों के सुचारू प्रबंधन के लिए शानदार अंडरग्राउंड बेसमेंट पार्किंग बनाई जाएगी। 
 
 
परिवहन विभाग ने खुद संभाला मोर्चा 
पहले इस बेहद खास प्रोजेक्ट को गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के स्तर पर विकसित करने की योजना बनाई जा रही थी। लेकिन अब रणनीति में बदलाव करते हुए परिवहन विभाग ने खुद इस परियोजना की कमान अपने हाथों में ले ली है और सीधे निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है। 
 
दस साल से अटका है प्रोजेक्ट 
इसके लिए रोडवेज विभाग के पास सेक्टर-29 में मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के बिल्कुल पास लगभग तीन एकड़ जमीन उपलब्ध है। पिछले करीब एक दशक (10 साल) से यहां टर्मिनल बनाने की योजना फाइलों में चल रही थी, जिसे अब जाकर रफ्तार मिली है।
 
एनसीआर का सबसे बड़ा परिवहन केंद्र बनेगा 
बस टर्मिनल भविष्य में गुरुग्राम का सबसे बड़ा और प्रमुख परिवहन केंद्र बनने जा रहा है. इसका कारण यह है कि टर्मिनल के ठीक पास दिल्ली मेट्रो का ‘मिलेनियम सिटी सेंटर’ स्टेशन पहले से मौजूद है, और इसी क्षेत्र में प्रस्तावित नई गुरुग्राम मेट्रो का भी एक प्रमुख स्टेशन विकसित किया जाना है। ऐसे में बस और मेट्रो सेवाएं आपस में एकीकृत  हो जाएंगी, जिससे यात्रियों को बिना किसी परेशानी के एक मोड से दूसरे मोड में सफर करने की सुविधा मिलेगी। 
 
मजबूत होगी सार्वजनिक परिवहन प्रणाली 
वर्तमान में गुरुग्राम महानगर सिटी बस लिमिटेड की ओर से करीब 150 ‘गुरुगमन’ बसें सड़कों पर दौड़ रही हैं. इसके साथ ही, पीएम ई-बस सेवा के तहत जल्द ही 100 नई इलेक्ट्रिक एसी बसें बेड़े में शामिल होने वाली हैं, जबकि वर्ष 2027-28 तक 300 और अतिरिक्त इलेक्ट्रिक बसें लाने की योजना है. इस नए बस पोर्ट के बनने से इन सभी बसों का संचालन और यात्रियों का सफर बेहद सुगम व हाईटेक हो जाएगा।
 
 
 
 
 
 
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad