Gurugram News: गुरुग्राम में वर्कशॉप में युवक पर लोहे के पंच से हमला, नाक-होंठ फटे; चार आरोपी गिरफ्तार
सेक्टर-12 स्थित एक ऑटोमोबाइल वर्कशॉप में युवक पर लोहे के पंच से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चार युवकों ने युवक को घेरकर उसके साथ जमकर मारपीट की।
गुरुग्राम: सेक्टर-12 स्थित एक ऑटोमोबाइल वर्कशॉप में युवक पर लोहे के पंच से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चार युवकों ने युवक को घेरकर उसके साथ जमकर मारपीट की। हमले में उसके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और नाक व होंठ कट गए। वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
.jpeg)
पुलिस के अनुसार, शिकोहपुर निवासी तनुज की कार नौरंगपुर के पास एक ट्रक से मामूली रूप से टकरा गई थी। ट्रक आरोपी अरुण के पिता का बताया जा रहा है। उस समय दोनों पक्षों के बीच विवाद शांत हो गया था, लेकिन आरोप है कि अरुण इस घटना को लेकर तनुज से रंजिश रखने लगा था।
कार ठीक कराने पहुंचा था युवक:
घटना के दिन तनुज अपनी क्षतिग्रस्त कार की मरम्मत कराने के लिए सेक्टर-12 की एक वर्कशॉप में पहुंचा था। उसके साथ गांव का रहने वाला प्रदीप भी मौजूद था। आरोप है कि तनुज के वर्कशॉप में होने की जानकारी मिलते ही अरुण अपने तीन साथियों के साथ वहां पहुंच गया। आरोपियों ने तनुज को घेर लिया। इसी दौरान अरुण ने हाथ में लोहे का पंच पहनकर प्रदीप के चेहरे पर कई वार किए। अचानक हुए हमले में प्रदीप लहूलुहान हो गया। उसकी नाक और होंठ पर गंभीर चोटें आईं। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले।
अस्पताल में लगाने पड़े टांके:
घटना के बाद प्रदीप और तनुज को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। प्रदीप के चेहरे पर गंभीर चोट होने के कारण डॉक्टरों को टांके लगाने पड़े। इसके बाद प्रदीप ने सेक्टर-14 थाने में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसी दौरान वर्कशॉप में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग पुलिस के हाथ लगी। फुटेज में आरोपी युवक पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं।
12 दिन तक ठिकाने बदलते रहे आरोपी:
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। पीड़ित पक्ष ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर भी कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश तेज की। करीब 12 दिन बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी अरुण समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड लेने की तैयारी कर रही है। रिमांड के दौरान वारदात में इस्तेमाल लोहे के पंच समेत अन्य साक्ष्य बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।




