मंत्री राव नरबीर का मानेसर निगम को अल्टीमेटम : दो महीने के भीतर कब्जा मुक्त हो सरकारी जमीन

-- निगम क्षेत्र में 17 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास -- सोसायटियों के शमशान घाट के लिए भूमि चिन्हित करने के भी निर्देश

Desh Rojana
On

प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने मानेसर नगर निगम क्षेत्र में अवैध कब्जों को लेकर अधिकारियों, टीम मेयर और पार्षदों को दो महीने का अल्टीमेटम दे दिया है।

गुरुग्राम। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने मानेसर नगर निगम क्षेत्र में अवैध कब्जों को लेकर अधिकारियों, टीम मेयर और पार्षदों को दो महीने का अल्टीमेटम दे दिया है। मंत्री ने साफ लहजे में कहा कि दो महीने के भीतर सरकारी जमीन खासकर जोहड़ आदि पर अवैध कब्जे हटा दिए जाने चाहिए। मंत्री राव नरबीर सिंह ने शुक्रवार को  मानेसर  नगर निगम कार्यालय में एनएचएआई, एचएसआईआईडीसी, एचएसवीपी, डीएचबीवीएन, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और निगम अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक की।IMG_20260508_164045 नगर निगम की ओर से करवाए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा ली। विभिन्न विभागों को तालमेल करके जनहित के कामों को प्राथमिकता से करने के दिशा-निर्देश दिए। नगर निगम मानेसर की ओर से करवाए जा रहे करीब 17  करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया।
वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि नगर निगम क्षेत्र में सरकारी भूमि, जोहड़ों और गांव के मुख्य मार्गों को अगले दो महीने के भीतर कब्जा मुक्त करें। जोहड़ों का जीर्णोद्धार करके एसटीपी के पानी से भरकर वाटर रिचार्ज किया जाए। इसके अलावा उन्होंने एचएसवीपी के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मानेसर क्षेत्र में सोसायटियों के अलग से शमशान घाट के लिए भूमि चिन्हित की जाए। इस पर अधिकारियों द्वारा अवगत करवाया गया कि सेक्टर-85 में भूमि चिन्हित कर ली गई है। निगम अधिकारियों ने राव नरबीर सिंह को अवगत करवाते हुए कहा कि गांव गढ़ी, हरसरू में नहरी पानी उपलब्ध करवा दिया गया है। अन्य गांवों में पानी की व्यवस्था के लिए जीएमडीए के साथ तालमेल किया जा रहा है। गांव भांगरौला में यूजीटी बनाया जाएगा। इस यूजीटी से गांव बांस कुसला, बांस हरिया, ढाणा, कासन, खोह और मानेसर को भी पानी सप्लाई किया जाएगा। इसके अलावा बसई वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से नहरी पानी की सप्लाई की दिशा में भी काम किया जा रहा है। गांव नखड़ौला में 3 एमएलडी का एसटीपी बनाया जा रहा है। इस एसटीपी के निर्माण के बाद गांव नखड़ौला में रामपुरा में जलभराव नहीं होगा।  गांव नैनवाल, कासन, नौरंगपुर, भांगरौला और झुंड सराय में 3-3 एमएलडी के एसटीपी बनाए जाएंगे। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एसटीपी के निर्माण से पहले गांवों में सीवर की लाइन न डालें। गांव शिकोहपुर में भी आबादी के मुताबिक एसटीपी का निर्माण करवाया जाए।
 
कूड़ा उठान की ऑनलाइन मॉनिटरिंग 
नगर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह ने सफाई व्यवस्था की जानकारी देते हुए राव नरबीर सिंह को बताया कि घरों से कूड़ा उठाने के लिए एजेंसी को काम सौंप दिया गया है। निगम क्षेत्र के एक लाख 10 हजार घरों से एजेंसी कूड़ा उठाने का काम कर रही है। सभी घरों के बाहर क्यूआर कोड और आरएफआईडी टैग लगाए गए है। इस पूरे काम की ऑनलाइन माॅनिटरिंग हो रही है। एसडब्ल्यूएम पोर्टल पर एकत्रित डाटा के अनुसार की एजेंसी को बिलों का भुगतान किया जाएगा। 
 
सड़कों पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे 
आयुक्त ने बताया कि निगम क्षेत्र में पुलिस के साथ निरीक्षण करके सड़कों पर बेहतर गुणवत्ता के सीसीटीवी लगाए जाएंगे। निगम द्वारा एक मॉडल रोड के निर्माण का काम चल रहा है। इस रोड पर सीसीटीवी, फैंसी लाइटें, एक्यूआई मीटर, स्मार्ट डिस्पले, ईवी चार्जिंग प्वाइंट्स और स्पीकर लगाए जाएंगे। 
 
ट्यूबवेल के बिजली कनेक्शन का मुद्दा भी उठा 
बैठक में मौजूद सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीन यादव ने मंत्री राव नरबीर सिंह को अवगत करवाया कि निगम की ओर से गांवों में ट्यूबवेल लगा दिए गए हैं, लेकिन सही तालमेल के कारण डीएचबीवीएन की ओर से बिजली के कनेक्शन जारी नहीं किए गए है। मंत्री ने डीएचबीवीएन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिजली के कनेक्शन जल्द ही जारी किए जाएं। इसके अलावा राव नरबीर सिंह ने डीटीपी को निर्देश दिए कि अगले दो महीनों में निगम की सभी सरकारी जमीन, जोहड़ और गांवों के मुख्य रास्तों को अतिक्रमण मुक्त करें। जोहड़ को कब्जा मुक्त करवाकर एसटीपी का ट्रीटेड पानी से भरें ताकि भूमिगत जल स्तर में सुधार हो। उन्होंने कहा कि मानसून से पहले सभी रेन वाटर हार्वेस्टिंग पिट की सफाई कराएं। मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि निगम क्षेत्र जिन कामों को करने में परेशानी आ रही है,उन कामों की सूची तैयार करें, जिन्हें सीएसआर के द्वारा करवाया जाएगा।  
 
17 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने शुक्रवार को निगम क्षेत्र में नगर निगम मानेसर की ओर से करवाए जा रहे 17 करोड़ रुपये के 10 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। IMG-20260508-WA0030इन विकास कार्यों में वार्ड-3 में हयातपुर स्थित किडजी स्कूल से नवादा में नयारा पेट्रोल पंप तक पीडब्ल्यूडी रोड के बचे हुए काम, वार्ड -3 में ही गांव बामड़ौली में सड़क निर्माण, वार्ड-7 पटौदी रोड़ से गांव झुंड सराय तक रोड़ का निर्माण, वार्ड-3,4,5,6,7 के हयातपुर से ढाणा को जोड़ने वाली सड़क के आरओडब्ल्यू वर्क, वार्ड-7 में पानी की लाइन बिछाने, गांव वजीरपुर में पानी की लाइन डालने, वार्ड-6,7 गांव भांगरौला से बांस रोड़ के आरओडब्ल्यू वर्कस, वार्ड-1 के गांव गढ़ी में परीना सोसाइटी से पीएचसी गढ़ी तक कंक्रीट ब्लाक्स लगाने, वार्ड-17 के गांव शिकोहपुर से एनएच 48 तक सड़क निर्माण और वार्ड- 4 में पृथ्वीराज चैहान चैक, बस स्टैंड वाली गली में ड्रेन और इंटरलाॅकिंग टाइल्स लगाने का काम शामिल है।
 
ये रहे मौजूद 
इस अवसर पर मेयर डॉ इंद्रजीत कौर यादव, नगर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह, मानेसर के एसडीएम दर्शन यादव, संयुक्त आयुक्त पुनीत कुमार, लोकेश यादव, उप-निगम आयुक्त अपूर्व चौधरी, डीटीपी राजेंद्र शर्मा, सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीन यादव, डिप्टी मेयर रीमा चौहान, नगर निगम वार्ड के सभी पार्षद सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad