Hansi News: विधायक विनोद भयाना के प्रयासों से हांसी को मिली बड़ी सौगात, दो महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव स्वीकृत
अब हांसी रेलवे स्टेशन पर बीकानेर-हरिद्वार व अगरतला-फिरोजपुर एक्सप्रेस का होगा ठहराव
हांसी विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए एक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। विधायक विनोद भयाना के प्रयासों से हांसी जंक्शन पर दो महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी मिल गई है। यह निर्णय क्षेत्र के हजारों रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत और सुविधा लेकर आया है।
हांसी: हांसी विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए एक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। विधायक विनोद भयाना के प्रयासों से हांसी जंक्शन पर दो महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी मिल गई है। यह निर्णय क्षेत्र के हजारों रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत और सुविधा लेकर आया है।

विधायक विनोद भयाना ने जानकारी देते हुए बताया कि माननीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा उनके आग्रह पर ट्रेन संख्या 14717 हरिद्वार–बीकानेर एवं 14718 बीकानेर–हरिद्वार एक्सप्रेस का सप्ताह में तीन दिन हांसी जंक्शन पर ठहराव स्वीकृत किया गया है। इसके साथ ही ट्रेन संख्या 14619 अगरतला–फिरोजपुर एवं 14620 फिरोजपुर–अगरतला एक्सप्रेस का सप्ताह में एक दिन हांसी में ठहराव भी मंजूर किया गया है।
विधायक ने बताया कि लंबे समय से क्षेत्रवासी इन ट्रेनों के ठहराव की मांग कर रहे थे, जिसे अब केंद्र सरकार और रेलवे मंत्रालय ने स्वीकार कर लिया है। इस फैसले से हांसी सहित आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। विशेष रूप से हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं को अब सीधे यात्रा की सुविधा मिलेगी, वहीं पंजाब और पूर्वोत्तर राज्यों की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए भी सफर आसान होगा।
विधायक विनोद भयाना ने बताया कि यह उपलब्धि हांसी की रेल कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगी तथा व्यापार, पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को बढ़ावा देगी। उन्होंने कहा कि हांसी लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और रेल सुविधाओं का विस्तार क्षेत्र की प्राथमिकता में शामिल है।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए विधायक ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के सहयोग से हांसी के विकास को नई गति मिल रही है।
विधायक ने यह भी बताया कि उन्होंने गोरखपुर–भटिंडा एवं भटिंडा–गोरखपुर रेल सेवा के संबंध में भी रेल मंत्री के समक्ष मांग रखी है, जिस पर माननीय रेल मंत्री ने जल्द सकारात्मक और सुखद परिणाम देने का आश्वासन दिया है।
उन्होंने कहा कि हांसी के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा तथा भविष्य में भी क्षेत्र की अन्य लंबित रेल मांगों को पूरा करवाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। क्षेत्रवासियों और रेल यात्रियों ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे हांसी के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



