Palwal News : जिला प्रशासन द्वारा मतदाताओं को जागरूक करने के लिए नवाचारों का लिया जा रहा है सहारा
‘खेत-खेत मतदाता अभियान’, ‘मतदाता सम्मान समारोह’, ‘वोटर कॉर्नर’ जैसी गतिविधियां की जाएंगी आयोजित
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत जिला पलवल में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के लिए नागरिकों को जागरूक करने के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप)-शुरू कर दिया गया है।
पलवल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत जिला पलवल में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के लिए नागरिकों को जागरूक करने के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप)-शुरू कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने अभियान के सफल संचालन हेतु अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद को जिला स्तरीय स्वीप गतिविधियों का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। 
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डा. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वीप जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करना, अपात्र मतदाताओं के नाम हटाना तथा मतदाता सूची से जुड़े सभी कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं तक अधिकतम जानकारी पहुंचाने के लिए जिलाभर में व्यापक जनसंपर्क और जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मतदाता सेवाओं को आसान बनाने के लिए ईसीआईनेट ऐप और मतदाता पोर्टल की जानकारी भी व्यापक स्तर पर प्रसारित की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा मीडिया, डिजिटल प्लेटफॉर्म, सामाजिक संगठनों और विभिन्न सरकारी विभागों के सहयोग से विभिन्न प्रकार की 40 से अधिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें समाचार पत्रों में विज्ञापन, स्थानीय केबल चैनलों पर प्रचार, एफएम रेडियो जिंगल्स, सोशल मीडिया अभियान, होर्डिंग, दीवार लेखन तथा गांव-गांव मोबाइल प्रचार वाहन शामिल हैं। उन्होंने बताया कि युवा मतदाताओं को वोटर लिस्ट में जोड़ने के लिए कॉलेजों और स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम, निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिताएं तथा मतदाता संकल्प कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला में महिला मतदाताओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों तथा प्रवासी श्रमिकों के लिए विशेष पंजीकरण शिविर भी लगाए जाएंगे।
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि जिला में डिजिटल संचार को बढ़ावा देने के लिए व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नियमित पोस्ट, वीडियो और इन्फोग्राफिक्स साझा किए जाएंगे। जिले की ग्रामीण और कृषि प्रधान पृष्ठभूमि को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने स्वीप अभियान के तहत कुछ नवाचार भी शामिल किए हैं। इनमें ‘खेत-खेत मतदाता अभियान’, ग्रामीण हाट बाजारों में नुक्कड़ नाटक, ग्राम पंचायत बैठकों में मतदाता शपथ, पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के लिए सम्मान समारोह तथा प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में ‘वोटर कॉर्नर’ की स्थापना प्रमुख हैं।
सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 व बीएलओ से करें संपर्क : उपायुक्त
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डा. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने मतदाता विवरण की जांच करें, आवश्यक संशोधन करवाएं तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं। स्वीप अभियान के दौरान सहायता के लिए भारत निर्वाचन आयोग की हेल्पलाइन 1950 और संबंधित बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क किया जा सकता है। मतदाता सेवाओं को आसान बनाने के लिए ईसीआईनेट ऐप और मतदाता पोर्टल का प्रयोग किया जा सकता है।

About The Author
संबंधित समाचार



