Ferozepur Jirkha News: अग्र समाज ने सेवा, व्यापार और राष्ट्रहित में दिया महत्वपूर्ण योगदान : डॉ. अर्चना गुप्ता

फिरोजपुर झिरका में अग्रवाल वैश्य समाज के लोगों ने नवयुक्त भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का किया स्वागत

Desh Rojana
On

गुरुवार को अग्रवाल महासभा द्वारा सिविल लाइंस रोड स्थित अग्रसेन वाटिका में नवयुक्त भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के सम्मान में भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया।

फिरोजपुर झिरका। गुरुवार को अग्रवाल महासभा द्वारा सिविल लाइंस रोड स्थित अग्रसेन वाटिका में नवयुक्त भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के सम्मान में भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अग्रवाल समाज के लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया तथा पुष्पमालाएं पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर डॉ. अर्चना गुप्ता ने कुलदेवी मां लक्ष्मी एवं अग्र शिरोमणि महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और समाज के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।IMG-20260618-WA0027
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि उनके लिए यह गर्व और सम्मान का विषय है कि वह अपने समाज के बीच उपस्थित हैं। उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज हमेशा से राष्ट्र निर्माण, व्यापार, शिक्षा, सेवा और राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। देश और प्रदेश की राजनीति में अग्र समाज एक मजबूत धुरी के रूप में कार्य करता है तथा भाजपा की विचारधारा को मजबूती देने में भी समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। महिला आरक्षण कानून लाकर महिलाओं को राजनीति में अधिक भागीदारी देने का मार्ग प्रशस्त किया गया है। आज सरकारी नौकरियों, प्रशासनिक सेवाओं, शिक्षा, खेल, उद्योग तथा विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। यह देश में महिलाओं के प्रति बदलती सकारात्मक सोच और सरकार की नीतियों का परिणाम है।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर रही है। प्रदेश में विकास, पारदर्शिता और सुशासन को नई दिशा मिली है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों तथा जनहितकारी नीतियों की बदौलत मेवात क्षेत्र में भी भाजपा का जनाधार और मजबूत होगा तथा आगामी समय में यहां कमल और अधिक मजबूती के साथ खिलेगा।
अग्रवाल महासभा के जिलाध्यक्ष राजकुमार गर्ग ने कार्यक्रम में पहुंचने पर डॉ. अर्चना गुप्ता का आभार व्यक्त किया तथा समाज की ओर से पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। 
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह उर्फ पिंटू, वरिष्ठ भाजपा नेता भानीराम मंगला, जिला महामंत्री रमेश मनुवास, हेमराज, नपा चेयरमैन मनीष जैन, अग्रवाल महासभा जिलामंत्री जितेंद्र गोयल, डॉ. यतेन्द्र गर्ग, राकेश जैन, मोहन गोयल एडवोकेट, जगदीश प्रसाद गुप्ता, अशोक गोयल बड़ेडिया, कस्तूर चन्द बजाज, अग्रवाल महासभा महिला जिलाध्यक्ष मनिता गर्ग, नरेश गोयल, सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

NELOFER HASHMI Picture

नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्‍स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad