Hansi Hisar News: रात्रि ठहराव एवं जनसुनवाई कार्यक्रम में डीसी राहुल नरवाल ने घिराय गांव में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
बरसाती पानी की निकासी को लेकर ग्रामीणों ने रखी मांग, डीसी ने ड्रेन की मशीन से सफाई और पानी निकासी के लिए स्थाई बिजली कनेक्शन के दिए निर्देश
जिला प्रशासन की ओर से ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान उनके घर-द्वार पर सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित रात्रि ठहराव एवं जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत उपायुक्त राहुल नरवाल ने गांव घिराय में रात्रि प्रवास कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। डीसी राहुल नरवाल ने गांव के शहीद महावीर सिंह राजकीय उच्च विद्यालय में सभी विभागों के अधिकारियों के साथ ग्रामीणों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना।
हांसी: जिला प्रशासन की ओर से ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान उनके घर-द्वार पर सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित रात्रि ठहराव एवं जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत उपायुक्त राहुल नरवाल ने गांव घिराय में रात्रि प्रवास कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। डीसी राहुल नरवाल ने गांव के शहीद महावीर सिंह राजकीय उच्च विद्यालय में सभी विभागों के अधिकारियों के साथ ग्रामीणों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित करीब 50 शिकायतें एवं समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। डीसी राहुल नरवाल ने प्रत्येक समस्या को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही जानकारी ली तथा कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान करवाया।
.jpeg)
ग्रामीणों ने रिहायशी क्षेत्रों तथा खेतों में बरसाती पानी जमा होने की समस्या को प्रमुखता से उपायुक्त के समक्ष रखा।उपायुक्त राहुल नरवाल ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को ड्रेन की तत्काल मशीन से सफाई करवाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने पानी की निर्बाध निकासी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक स्थान पर स्थाई बिजली कनेक्शन की व्यवस्था करवाने के निर्देश भी दिए, ताकि पानी निकासी के लिए पंप आदि की व्यवस्था प्रभावी रूप से संचालित की जा सके। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जल निकासी से संबंधित कार्य में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए और समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त राहुल नरवाल ने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आम नागरिक तक पहुंचाने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। जनसुनवाई कार्यक्रमों के माध्यम से प्रशासन ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी वास्तविक समस्याओं को समझ रहा है और मौके पर ही समाधान की दिशा में कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों द्वारा रखी गई प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल शिकायत दर्ज करने तक सीमित न रहें, बल्कि समाधान होने तक उसकी प्रभावी मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त राहुल नरवाल द्वारा जिस गंभीरता के साथ ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं, उससे ग्रामीण काफी प्रभावित नजर आए। ग्रामीणों ने डीसी द्वारा प्रत्येक समस्या को ध्यानपूर्वक सुनने और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से समाधान की दिशा में कार्यवाही करवाने की सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों के गांव में पहुंचकर सीधे संवाद करने से लोगों को अपनी समस्याएं रखने का बेहतर अवसर मिल रहा है।
कार्यक्रम के दौरान हर घर तिरंगा अभियान के तहत विद्यालय परिसर में विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के गौरवशाली इतिहास, उसके महत्व तथा देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को हर घर तिरंगा अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा देशभक्ति की भावना को और प्रगाढ़ करने का आह्वान किया
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं द्वारा देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां प्रस्तुत की गईं। छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित ग्रामीणों एवं अधिकारियों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं और पात्रता संबंधी जानकारी भी ग्रामीणों के साथ साझा की, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, एसडीएम राजेश खोथ, सीटीएम हिमांशु चौहान, डीएसपी विनोद शंकर, डीडीपीओ संदीप भारद्वाज, सिविल सर्जन डॉ राहुल बुद्धिराजा, डीईईओ विनोद श्योराण, सीएमजीजी ए प्रतीक्षा सांगवान बीडीपीओ अशोक मेहरा, ग्राम सचिव रवीना,सरपंच कविता, प्रतिनिधि संदीप पहलवान, डीपी बुरा सहित अनेक विभिन्न विभागों के अधिकारी,ग्राम पंचायत सदस्य तथा अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं ग्रामीण मौजूद रहे।




