Nuh Mewat News: शिक्षा विभाग के विकास कार्यों व योजनाओं में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करें अधिकारी : उपायुक्त अखिल पिलानी
प्रत्येक विद्यार्थी को प्रतिमाह पुस्तकालय से एक हिंदी एवं एक अंग्रेजी पुस्तक अवश्य उपलब्ध कराई जाए
उपायुक्त अखिल पिलानी ने लघु सचिवालय में आयोजित शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में विकास कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।
नूंह: उपायुक्त अखिल पिलानी ने लघु सचिवालय में आयोजित शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में विकास कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उपायुक्त ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि प्रत्येक विद्यार्थी को प्रतिमाह पुस्तकालय से एक हिंदी एवं एक अंग्रेजी पुस्तक पढ़ने के लिए अवश्य दी जाए, ताकि बच्चों में नियमित पठन-पाठन की आदत विकसित हो तथा उनकी भाषा दक्षता, शब्दावली और बौद्धिक क्षमता का समग्र विकास हो सके। उन्होंने विद्यालयों में पुस्तकालयों के प्रभावी उपयोग पर विशेष बल दिया।
उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि स्कूलों में हाजिरी सुनिश्चित करने के लिए लगाए गए फेशियल मशीनों से उपस्थिति की नियमित निगरानी खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा की जाए तथा जिन विद्यालयों में ये मशीनें स्थापित नहीं की गई हैं, उनके विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की नियमित निगरानी की जाए तथा जिन परियोजनाओं में किसी प्रकार की बाधा आ रही है, उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही विद्यार्थियों को सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए तथा शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
उपायुक्त ने विद्यालयों में स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व के साथ निर्वहन करे।
बैठक के दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने जिले में संचालित विकास कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं की प्रगति से उपायुक्त को अवगत कराया। समीक्षा के उपरांत उपायुक्त ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि सभी योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके।
इस अवसर पर नगराधीश अप्रितम सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा, एफ एल एन कोऑर्डिनेटर कुसुम मलिक सहित शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author
संबंधित समाचार



