Faridabad News: साइकिल रैली के जरिए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के लिए आमजन को किया गया जागरूक
एसडीएम फरीदाबाद डॉ. हनी बंसल ने तिरंगा साइकिल रैली को झंडी दिखाकर किया रवाना
उपायुक्त आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में तथा जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) शिखा की अध्यक्षता में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान-2026 के तहत सोमवार को फरीदाबाद में तिरंगा साइकिल रैली का आयोजन किया गया।
फरीदाबाद: उपायुक्त आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में तथा जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) शिखा की अध्यक्षता में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान-2026 के तहत सोमवार को फरीदाबाद में तिरंगा साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से आमजन में देशभक्ति की भावना को और अधिक प्रबल करने तथा नागरिकों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। एसडीएम फरीदाबाद डॉ. हनी बंसल ने तिरंगा साइकिल रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

तिरंगा साइकिल रैली स्टेडियम सेक्टर-12 से शुरू होकर लेबर चौक सेक्टर-17, रेड लाइट सन फ्लैग, डीसी कैंप ऑफिस रोड होते हुए वापस स्टेडियम सेक्टर-12 पहुंची। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने भी जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनभागीदारी का व्यापक स्वरूप प्रदान करते हुए अधिक से अधिक नागरिक इसमें शामिल हों। उन्होंने कहा कि 9 से 17 अगस्त तक आयोजित किए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि फरीदाबाद जिले में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा यात्राओं, साइकिल एवं ई-बाइक रैलियों, प्रदर्शनी तथा ‘सेल्फी विद तिरंगा’ जैसे विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति गौरव की भावना के साथ अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इस अवसर पर एसडीएम डॉ. हनी बंसल ने कहा कि तिरंगा हमारे देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के प्रति सम्मान, गौरव और एकजुटता की भावना को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि तिरंगा साइकिल रैली जैसे आयोजनों का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं को अभियान से जोड़ना और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि साइकिल रैली के माध्यम से शहरवासियों को यह संदेश दिया गया कि हर नागरिक इस अभियान का हिस्सा बन सकता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने घरों, कार्यालयों, संस्थानों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें तथा अपने परिवारजनों, मित्रों और आसपास के लोगों को भी इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करें।
प्रशासन की ओर से जिलेवासियों से अपील की गई है कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन का अभियान बनाते हुए इसमें अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें और स्वतंत्रता दिवस की भावना को देशभक्ति, एकता और राष्ट्र गौरव के साथ मनाएं।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



