Nuh Mewat News: पुलिस मुठभेड़ में गो-तस्कर घायल, तीन गोवंश व बोलेरो बरामद

Desh Rojana
On

जिले के फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में पुलिस और गो-तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी मौके से भाग गया ।

नूंह। जिले के फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में पुलिस और गो-तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी मौके से भाग गया । पुलिस ने मौके से तीन गोवंश, एक बोलेरो गाड़ी तथा एक अवैध हथियार सहित दो कारतूस बरामद किये है ।
 
IMG-20260804-WA0008
 
उप-पुलिस अधीक्षक फिरोजपुर झिरका हरदीप सिंह ने प्रैसवार्ता में बताया गया कि सीएस स्टाफ फिरोजपुर झिरका के उप-निरीक्षक महेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ गश्त पर मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें एक सूचना मिली कि राजस्थान के थाना पहाड़ी क्षेत्र के गांव घाटमीका निवासी जाबिर पुत्र फारुख तथा नीमलीका बास निवासी साहुन पुत्र आमीन अवैध हथियारों के बल पर गो-तस्करी और गौकशी से जुड़े कार्यों में संलिप्त हैं।
सूचना में बताया गया कि दोनों आरोपी बोलेरो वाहन में गोवंश को बांधकर दोरखी गांव से बीवा, बसईमेव, धोलेट और हाजीबास मार्ग से राजस्थान की ओर ले जाएंगे। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बीवा गांव के पास पहाड़ी रोड पर नाकाबंदी की। कुछ समय बाद पहाड़ी की ओर से एक बोलेरो तेज रफ्तार में आती दिखाई दी। नाकाबंदी देखकर चालक ने वाहन को वापस मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन जल्दबाजी में गाड़ी बंद हो गई । इसके बाद बोलेरो में सवार एक युवक कंडक्टर सीट से उतरकर भागने लगा और उसने पुलिस टीम पर अवैध कट्टे से फायरिंग की। वहीं चालक सीट पर बैठा युवक भी वाहन से निकलकर भागा तथा उसने भी पुलिस टीम पर फायर किया।
पुलिसकर्मियों द्वारा चेतावनी देने के बावजूद आरोपी ने दोबारा फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा जवाबी कार्रवाई में गोली चालक के बाएं पैर के घुटने के पास लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। घायल आरोपी को पुलिस ने मौके पर काबू कर लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम जाबिर पुत्र फारुख निवासी घाटमीका थाना पहाड़ी, जिला डीग राजस्थान बताया। वहीं फायरिंग कर फरार हुए दूसरे व्यक्ति की पहचान भी कर ली गई है । पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किया है। वाहन की तलाशी लेने पर उसके अंदर तीन गोवंश मिले। तीनों के मुंह और पैर रस्सियों से बंधे हुए थे।
घायल आरोपी को उपचार के लिए शहीद हसन खां मेडिकल कॉलेज नल्हड़ भेजा गया। पुलिस ने मामलें में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

NELOFER HASHMI Picture

नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्‍स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad