New Delhi News : कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पदक विजेता खिलाड़ियों का स्वदेश आगमन पर स्वागत
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने एयरपोर्ट पहुंचकर खिलाड़ियों का किया अभिनंदन, कहा- खिलाड़ियों ने बढ़ाया देश का मान
ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत का गौरव बढ़ाने वाले पदक विजेता खिलाड़ियों का स्वदेश लौटने पर नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (टर्मिनल-3) पर भव्य स्वागत किया गया।
नई दिल्ली। ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत का गौरव बढ़ाने वाले पदक विजेता खिलाड़ियों का स्वदेश लौटने पर नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (टर्मिनल-3) पर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर हरियाणा सरकार के खेल एवं कानून राज्य मंत्री गौरव गौतम स्वयं एयरपोर्ट पहुंचे तथा खिलाड़ियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। 
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर विश्व मंच पर देश की खेल प्रतिभा और सामर्थ्य का परिचय दिया है। खिलाड़ियों की यह उपलब्धि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने अपने अनुशासन, समर्पण और कठिन परिश्रम के बल पर तिरंगे की शान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है तथा देश के करोड़ों युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को नई दिशा और गति मिली है। खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं, बेहतर प्रशिक्षण और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम लगातार देखने को मिल रहे हैं। गौरव गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश में खेल संस्कृति को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना, आधुनिक प्रशिक्षण, प्रोत्साहन योजनाएं तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों सहित प्रदेश के प्रत्येक प्रतिभाशाली खिलाड़ी को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है, ताकि हरियाणा और देश के लिए अधिक से अधिक खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत सकें।
उन्होंने कहा कि हरियाणा ने सदैव देश को उत्कृष्ट खिलाड़ी दिए हैं और भविष्य में भी प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का गौरव बढ़ाते रहेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कॉमनवेल्थ गेम्स के पदक विजेताओं की सफलता युवा पीढ़ी को खेलों के प्रति और अधिक प्रेरित करेगी। गौरव गौतम ने खिलाड़ियों के प्रशिक्षकों, सहयोगी स्टाफ तथा उनके परिवारों को भी बधाई देते हुए कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता में उनके मार्गदर्शकों और परिजनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यह उपलब्धि पूरे देश के सामूहिक प्रयास और खेलों के प्रति बढ़ती प्रतिबद्धता का परिणाम है। उल्लेखनीय है कि ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने कुल 39 पदक अर्जित किए, जिनमें 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य पदक शामिल हैं। भारतीय खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन ने विश्व खेल मंच पर भारत की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते हुए देश की खेल शक्ति को एक बार फिर स्थापित किया है। स्वदेश वापसी पर खिलाड़ियों का गर्मजोशी से किया गया स्वागत उनके प्रति देशवासियों के सम्मान, गर्व और स्नेह का प्रतीक रहा। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने खिलाड़ियों का तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

About The Author
संबंधित समाचार



