Gurugram News: गुरुग्राम स्थित भाजपा कार्यालय में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की तैयारियों को लेकर हुई बैठक

देश का विभाजन सीमाओं का बंटवारा नहीं था, बल्कि दिलों को चीर देने वाला दर्दनाक अध्याय था: नायब सैनी

Desh Rojana
On

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस को प्रदेश स्तर पर मनाने के लिए भाजपा की गुरुग्राम स्थित भाजपा कार्यालय में प्रदेश स्तरीय बैठक हुई।

गुरुग्राम: विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस को प्रदेश स्तर पर मनाने के लिए भाजपा की गुरुग्राम स्थित भाजपा कार्यालय में प्रदेश स्तरीय बैठक हुई। बैठक में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर होने वाले कार्यक्रमों रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता, प्रदेश संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ सहित वरिष्ठ नेताओं ने 14 अगस्त को गुरुग्राम में होने वाले प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
 
IMG-20260804-WA0055  
मुख्यमंत्री ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस ज्ञात-अज्ञात विभाजन पीड़ितों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करने का दिन है, वहीं प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस के विभाजनकारी चरित्र को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं को इतिहास के सही तथ्यों से अवगत कराने का आह्वान किया। बैठक से पहले भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ नेताओं का कार्यालय पहुंचने पर स्वागत किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस भारत के इतिहास की सबसे बड़ी मानवीय त्रासदी को स्मरण करने और उससे सीख लेने का दिन है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1947 में देश के विभाजन ने करोड़ों लोगों का जीवन एक ही रात में बदल दिया था। लाखों परिवार उजड़ गए, अनगिनत लोगों को अपना घर, जमीन-जायदाद और अपनों को छोड़ना पड़ा। यह दिन उस असहनीय पीड़ा, संघर्ष और बलिदान को याद करने का अवसर है। 
 नायब सिंह सैनी ने हाल में हुए आंदोलन पर बोलते हुए कहा कि जिस विषय को लेकर आंदोलन खड़ा किया गया, वहां पेपर लीक का विषय था ही नहीं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने यह आंदोलन खड़ा किया, उन्हें पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। कांग्रेस के शासनकाल में कितने पेपर लीक हुए, इसका हिसाब देश जानता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे हो चुके हैं और 12 वर्षों में एक पूरी पीढ़ी बदल जाती है। आज के युवाओं को यह पता ही नहीं है कि कांग्रेस शासन के दौरान परीक्षाओं और व्यवस्थाओं की क्या स्थिति थी।
 
कार्यकर्ता कांग्रेस के चरित्र का पर्दाफार्श करें: डा. अर्चना गुप्ता
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि वर्ष 1947 का विभाजन भारत के इतिहास की सबसे बड़ी मानवीय त्रासदियों में से एक था। उस समय असंख्य लोगों ने मातृभूमि के लिए अपने प्राण गंवा दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के साथ हुए विभाजन में लाखों परिवार उजड़ गए, मातृशक्ति पर अत्याचार हुए, परिवारों के सामने बच्चों की हत्या कर दी गई और रक्तरंजित लाशों से भरी ट्रेनें भारत पहुंचीं। उस पीड़ा को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
 
 
राष्ट्र की एकता और अखंडता ही विभाजन की त्रासदी का सबसे बड़ा जवाब: संजय भाटिया
राज्यसभा सांसद संजय भाटिया ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस केवल अतीत को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि देश की एकता और अखंडता के प्रति अपने संकल्प को दोहराने का भी दिन है। उन्होंने कहा कि विभाजन के दौरान लाखों परिवारों ने असहनीय पीड़ा, विस्थापन और अपनों के बिछड़ने का दर्द सहा, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। बैठक में महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव, विधानसभा उपाध्यक्ष कृष्ण लाल मिढ़ा, कार्यक्रम के संयोजक बोधराज सीकरी, सह संयोजक विधायक निखिल मदान, सचिव जगदीश चौपड़ा, विधायक विनोद भयाना, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, पूर्व मंत्री सुभाष सुधा, जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, जिला मीडिया प्रभारी हितैष चौधरी, जिला सह मीडिया प्रभारी राजन चौहान भी मौजूद रहे।
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

NELOFER HASHMI Picture

नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्‍स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad