Nuh Mewat News: ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा को लेकर उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक ने किया झिरकेश्वर मंदिर का दौरा

3 अगस्त को होने वाली ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा के सफल व सुरक्षित आयोजन की तैयारियों का लिया जायजा

Desh Rojana
On

उपायुक्त अखिल पिलानी एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित जैन ने बुधवार को आगामी 3 अगस्त को आयोजित होने वाली ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा के मद्देनजर हरियाणा-राजस्थान सीमा क्षेत्र तथा शिव मंदिर, फिरोजपुर झिरका का दौरा कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

नूंह: उपायुक्त अखिल पिलानी एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित जैन ने बुधवार को आगामी 3 अगस्त को आयोजित होने वाली ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा के मद्देनजर हरियाणा-राजस्थान सीमा क्षेत्र तथा शिव मंदिर, फिरोजपुर झिरका का दौरा कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
 
temple
 
उपायुक्त ने कहा कि ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा धार्मिक आस्था का प्रमुख आयोजन है। साथ ही सावन माह के पहले सोमवार के अवसर पर मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सभी मंदिरों में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
 
उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ यात्रा मार्ग का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने यात्रा मार्ग की साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन, शौचालय एवं यातायात प्रबंधन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा में व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।
 
उपायुक्त ने कहा कि ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा जिले का एक महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं। ऐसे में सभी विभाग पूरी जिम्मेदारी एवं समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
 
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने शिव मंदिर, फिरोजपुर झिरका में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की।
 
पुलिस अधीक्षक अर्पित जैन ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने तथा यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर उन्होंने  विधिवत पूजा-अर्चना कर लोगों की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।
 
इस अवसर पर एसडीएम लक्ष्मी नारायण, डीएसपी हरदीप सिंह, पंचायती राज विभाग के एसडीओ बच्चू सिंह, शिव मंदिर के प्रधान अनिल गोयल, प्रेम योगी, नीरज मित्तल, गौरव चौहान, विश्राम प्रजापति सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

NELOFER HASHMI Picture

नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्‍स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad