Narnaul News:शादी के महज चार महीने बाद नवविवाहिता ने पानी के टैंक में कूदकर दी जान
धीरज मेघा को बात-बात पर प्रताड़ित करने लगा था, दो बार मांगे 50-50 हजार रुपये
नारनौल शहर की ईश्वर कॉलोनी में सोमवार की सुबह एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वाकया सामने आया। शादी के महज चार महीने बाद 24 साल की नवविवाहिता मेघा ने अपने मायके में घर के भीतर बने पानी के टैंक में कूदकर अपनी जान दे दी।
नारनौल: नारनौल शहर की ईश्वर कॉलोनी में सोमवार की सुबह एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वाकया सामने आया। शादी के महज चार महीने बाद 24 साल की नवविवाहिता मेघा ने अपने मायके में घर के भीतर बने पानी के टैंक में कूदकर अपनी जान दे दी। सुबह जब परिजनों की नजर खुले टैंक और मेघा के शव पर पड़ी तो घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मेघा की शादी बीते 20 अप्रैल 2026 को जोरासी गांव के रहने वाले धीरज के साथ हुई थी। धीरज मानेसर की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। परिजनों का कहना है कि एमएससी और बीएड की पढ़ाई कर चुकी मेघा पढ़ने-लिखने में काफी होशियार थी और करियर में आगे बढ़ना चाहती थी, लेकिन शादी के बाद से ही उसकी खुशियों को नजर लग गई।
मृतका की बहन रजनी ने रोते हुए बताया कि शादी के बाद से ही धीरज मेघा को बात-बात पर प्रताड़ित करने लगा था। वह उस पर पढ़ाई-लिखाई छोड़ने का दबाव बनाता और बात-बात पर कम सुंदर होने के ताने देकर मानसिक रूप से तोड़ता था। रविवार को ही धीरज उसे मायके छोड़कर गया था। रविवार रात मेघा ने अपनी बहन को रोते हुए बताया था कि धीरज उसे बिल्कुल पसंद नहीं करता, उसे बार-बार बदसूरत कहता है और उसके अन्य महिलाओं के साथ भी संबंध हैं। मेघा की मां पुष्पा ने भी दामाद और उसके परिवार पर गंभीर आरोप मढ़े हैं। मां का कहना है कि धीरज दहेज के नाम पर दो बार 50-50 हजार रुपये ऐंठ चुका था और लगातार और पैसों की मांग कर रहा था। पति के तानों, अवैध संबंधों और रोज-रोज के क्लेश से तंग आकर मेघा गहरे डिप्रेशन में चली गई थी, जिसके चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

सोमवार सुबह जब मेघा का भाई उठा तो उसने देखा कि कमरे में बहन गायब थी और आंगन में बने पानी के टैंक का ढक्कन हटा हुआ था। संदेह होने पर जब परिजनों ने अंदर झांका तो मेघा का शव पानी में तैर रहा था और उसके मुंह से झाग निकल रहे थे। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में शोक की लहर है। शहर थाना पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत और बयानों के आधार पर सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और शुरुआती साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पति व अन्य के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



