Faridabad News : एसडीआईईटी में बीबीए द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन
सत्युग दर्शन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (SDIET) के प्रबंधन अध्ययन विभाग द्वारा द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
सत्युग दर्शन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (SDIET) के प्रबंधन अध्ययन विभाग द्वारा द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों का नए शैक्षणिक सत्र में स्वागत करना तथा उन्हें संस्थान की विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों से अवगत कराते हुए उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरित करना था। 
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. शैलेंद्र कुमार के प्रेरणादायक स्वागत संबोधन से हुआ। इसके पश्चात विभागाध्यक्ष प्रो. मनप्रीत कौर ने विद्यार्थियों को नए सत्र की शुभकामनाएँ देते हुए उन्हें प्रत्येक अवसर का सकारात्मक उपयोग कर शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं व्यक्तित्व विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान श्री जितेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को MOOCs (Massive Open Online Courses) के महत्व एवं उपयोगिता की जानकारी दी। वहीं श्री पंकज भारद्वाज ने प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट गतिविधियों तथा करियर के बेहतर अवसरों पर विस्तार से प्रकाश डाला। डॉ. ऋचा खुशाल एवं डॉ. संजना कौशिक ने महिला प्रकोष्ठ (Women Cell) की विभिन्न पहलों से विद्यार्थियों को अवगत कराया तथा संस्थान द्वारा सुरक्षित, समावेशी एवं सहयोगात्मक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। इसके बाद डॉ. मयंक वर्मा ने प्रॉक्टोरियल बोर्ड की भूमिका एवं जिम्मेदारियों की जानकारी दी। सुश्री शुभम अग्रवाल ने ERP सिस्टम के प्रभावी उपयोग एवं उसकी विभिन्न सुविधाओं के बारे में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। डॉ. संजना कौशिक ने मेंटर-मेंटी प्रणाली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह व्यवस्था विद्यार्थियों को शैक्षणिक मार्गदर्शन, व्यक्तिगत विकास तथा निरंतर सहयोग प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य डॉ. शैलेन्द्र त्यागी ने अपने संदेश में कहा कि ओरिएंटेशन कार्यक्रम विद्यार्थियों को केवल संस्थान की कार्यप्रणाली से परिचित कराने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह उन्हें अपने लक्ष्यों के प्रति सजग, अनुशासित और आत्मविश्वासी बनने की प्रेरणा भी देता है। कार्यक्रम का समापन डॉ. संजना कौशिक द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने सभी वक्ताओं एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी के सहयोग की सराहना की। एसडीआईईटी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक तकनीकी ज्ञान, नैतिक मूल्यों एवं उद्योगोन्मुखी प्रशिक्षण के माध्यम से सफल भविष्य के लिए तैयार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।" यह ओरिएंटेशन कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा।

About The Author
संबंधित समाचार



