Nuh Mewat News: आशा वर्करों और विभिन्न कर्मचारी संगठनों का 'जेल भरो सत्याग्रह' का आयोजन
नूंह की अनाज मंडी में सोमवार को आशा वर्करों और विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर 'जेल भरो सत्याग्रह' का आयोजन किया। प्रदर्शन में आशा वर्कर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, ग्राम सफाई कर्मचारी, चौकीदार समेत कई विभागों के कर्मचारियों और किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
नूंह। नूंह की अनाज मंडी में सोमवार को आशा वर्करों और विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर 'जेल भरो सत्याग्रह' का आयोजन किया। प्रदर्शन में आशा वर्कर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, ग्राम सफाई कर्मचारी, चौकीदार समेत कई विभागों के कर्मचारियों और किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने पहले अनाज मंडी में सभा की और इसके बाद जुलूस निकालते हुए जिला सचिवालय पहुंचे, जहां उपायुक्त के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपा गया।

प्रदर्शनकारियों ने वेतन बढ़ोतरी, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, न्यूनतम वेतन लागू करने तथा अन्य लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।
हरियाणा कर्मचारी महासंघ के महासचिव जय भगवान ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 10 अगस्त को पूरे देश में 'जेल भरो सत्याग्रह' आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आंदोलन करने वाले कर्मचारियों, किसानों और छात्रों पर दमनात्मक कार्रवाई कर रही है। इसी के विरोध में कर्मचारी स्वयं गिरफ्तारी देने के लिए आगे आए हैं।
उन्होंने कहा कि आंदोलन में आशा वर्कर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, ग्राम सफाई कर्मचारी, चौकीदार, किसान और मजदूर संगठन शामिल हैं। उनकी प्रमुख मांगों में न्यूनतम वेतन लागू करना, कच्चे कर्मचारियों को नियमित करना, किसानों को फसलों का लाभकारी मूल्य और एमएसपी की गारंटी देना शामिल है। उन्होंने केंद्र सरकार के प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौतों पर भी चिंता जताते हुए कहा कि इससे किसानों और आम लोगों के हित प्रभावित हो सकते हैं।
प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर सरकार से सभी लंबित मांगों का जल्द समाधान करने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



