Nuh Mewat News: शादी की जिद में 90 फुट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, 5 घंटे बाद पुलिस ने उतारा
जिला के फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में नाबालिग लड़की से शादी की जिद को लेकर सोमवार सुबह करीब 8 बजे एक युवक 90 फुट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
नूंह। जिला के फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में नाबालिग लड़की से शादी की जिद को लेकर सोमवार सुबह करीब 8 बजे एक युवक 90 फुट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। मामला फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के गांव तिगरा का है। युवक करीब 5 घंटे तक टावर पर बैठा रहा, जिसके कारण मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

जानकारी के अनुसार गांव तिगरा निवासी अब्दुल करीम का बेटा कैफ अपनी मामा की नाबालिग बेटी से शादी करना चाहता था। कैफ की मां इस रिश्ते के लिए तैयार है, लेकिन लड़की के पिता इसके खिलाफ हैं। इसी बात को लेकर कैफ ने अपनी मांग मनवाने के लिए टावर पर चढ़ने का कदम उठाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। फिरोजपुर झिरका सदर थाना प्रभारी सुभाष चंद्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने युवक को समझाने का प्रयास किया। ग्रामीण भी लगातार उससे नीचे उतरने की अपील करते रहे। करीब 5 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

थाना प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि मामला पूरी तरह पारिवारिक है और अभी तक किसी पक्ष की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। नाबालिग से शादी का मामला होने के कारण पुलिस इस पहलू को भी गंभीरता से देख रही है।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



