Gurugram News: मेड से मारपीट, शराब करोबारी की पत्नी गिरफ्तार

डीएलएफ के द कैमेलियाज के एक फ्लैट की घटना, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

Desh Rojana
On

गोल्फ कोर्स रोड की सबसे महंगी डीएलएफ की द कैमेलियाज सोसायटी में एक नेपाली मूल की मेड के साथ मालकिन की बदसलूकी और मारपीट का मामला उजागर हुआ है। 100 करोड़ की कीमत के फ्लैट में हुई इस घटना में आरोपी एक बड़े शराब कारोबारी की पत्नी बताई जा रही है।

 गुरुग्राम: गोल्फ कोर्स रोड की सबसे महंगी डीएलएफ की द कैमेलियाज सोसायटी में एक नेपाली मूल की मेड के साथ मालकिन की बदसलूकी और मारपीट का मामला उजागर हुआ है। 100 करोड़ की कीमत के फ्लैट में हुई इस घटना में आरोपी एक बड़े शराब कारोबारी की पत्नी बताई जा रही है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया के X (एक्स) हैंडल पर वायरल हुआ। जिसके बाद पुलिस ने स्वत संज्ञान लेते हुए पहले मुकदमा दर्ज किया और बाद में कथित तौर पर शराब कारोबारी की पत्नी को कथित तौर पर गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि आरोपी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
 
पुलिस के अनुसार सोमवार को एक लग्जरी अपार्टमेंट में एक महिला को कथित तौर पर अपनी घरेलू सहायिका यानी मेड के साथ मारपीट करते हुए वीडियो सामने आया। माना जा रहा है कि पड़ोसी ने किचन की खिड़की से मारपीट और यातनाएं देने का वीडियो रिकॉर्ड किया। लगभग 90 सेकंड की वीडियो क्लिप के आधार पर पुलिस ने महिला के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि गोल्फ कोर्स रोड स्थित एक लग्जरी अपार्टमेंट की महिला के खिलाफ जानबूझकर चोट पहुंचाने से संबंधित बीएनएस की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। दूसरे अपार्टमेंट से किचन की खिड़की के जरिए रिकॉर्ड किए गए वीडियो में महिला को किचन के अंदर घरेलू सहायिका को बार-बार थप्पड़ मारते और उसके बाल खींचते हुए देखा जा सकता है।
 
maid
 
 
नेपाली मूल की मेड, नहीं दर्ज कराई शिकायत
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घरेलू सहायिका पिछले दो साल से आरोपी महिला के घर पर काम कर रही है। वह नेपाल की रहने वाली है। घरेलू सहायिका के एक रिश्तेदार ने कहा कि उसने गुरुग्राम पुलिस के पास कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। मेड के करीबी रिश्तेदार ने बताया कि उसको मालकिन से कोई शिकायत नहीं है। हालांकि पुलिस ने मामले की जांच के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की बात कही है। बताया जाता है कि वीडियो में दिख रही घरेलू सहायिका अपने गृहनगर लौट चुकी है। हालांकि, गुरुग्राम पुलिस ने घटना का स्वतः संज्ञान लेते हुए आरोपी महिला के खिलाफ केस दर्ज किया है। डीसीपी (ईस्ट) संदीप कुमार ने कहा कि वायरल वीडियो का स्वतः संज्ञान लेते हुए सुशांत लोक पुलिस स्टेशन में रविवार रात को आरोपी महिला के खिलाफ बीएनएस की धारा 115 (जानबूझकर चोट पहुंचाना) के तहत केस दर्ज किया गया है।
 
घटना के समय की सटीक जानकारी नहीं 
हालांकि अभी घटना के समय की सटीक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस  के अनुसार घटना जुलाई के आखिरी हफ्ते की बताई जाती है। घटना और वीडियो से जुड़ी परिस्थितियों की जांच की जा रही है। सुशांत लोक पुलिस स्टेशन के एसएचओ अमन कुमार का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की भी छानबीन कर रही है।  कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
 
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

NELOFER HASHMI Picture

नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्‍स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad