डीसी ने दिए धोखाधड़ी के मामले में विजिलेंस कमेटी से जांच के आदेश
समस्याओं का समाधान कर पोर्टल पर एटीआर अपडेट करना सुनिश्चित करें
डीसी अपराजिता ने एक किसान के साथ फसल बेचने में हुई धोखाधड़ी के मामले की जांच एसडीएम की अगुवाई वाली विजिलेंस कमेटी से करवाए जाने के निर्देश दिए।
कैथल: डीसी अपराजिता ने एक किसान के साथ फसल बेचने में हुई धोखाधड़ी के मामले की जांच एसडीएम की अगुवाई वाली विजिलेंस कमेटी से करवाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने दस दिन में मामले की जांच कर तथ्य प्रस्तुत करने को कहा। ताकि किसान को न्याय मिल सके। डीसी अपराजिता समाधान शिविर में शिकायत लेकर आए लोगों की सुनवाई कर रहीं थीं। उन्होंने शिविर में लंबित शिकायतों की समीक्षा की और उनके जल्द समाधान के निर्देश जारी किए।

शिविर में आए गांव सिसला निवासी किसान बलवान ने बताया कि उसकी 83 एकड़ जमीन की फसल बिक्री में उसके साथ धोखाधड़ी की गई है। किसान की पीड़ा को देखते हुए डीसी ने एसडीएम कैथल संजय कुमार की अगुवाई वाली विजिलेंस कमेटी से जांच करवाने के निर्देश जारी किए। उन्होंने किसान को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इसके अलावा समाधान शिविर में शिकायत लेकर आए लोगों की गलियों, परिवार पहचान पत्र सहित अन्य शिकायतों पर सुनवाई करते हुए आवश्यक निर्देश जारी किए। इसके बाद डीसी ने लंबित शिकायतों की समीक्षा की और कहा कि समाधान शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत का निपटारा तय समय सीमा में किया जाए और समाधान के बाद उसकी एटीआर पोर्टल पर अवश्य अपलोड की जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीसी अपराजिता लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दे रहीं थीं। इस मौके पर उन्होंने आमजन की शिकायत भी सुनी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों का शीघ्र निपटारा करें तथा प्रत्येक शुक्रवार को समाधान शिविर, सीएम विंडो, एसजीटी तथा अन्य माध्यम से आने वाली शिकायतों की प्रगति रिपोर्ट के साथ बैठक में पूरी तैयारी के साथ उपस्थित होना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जो शिकायतें लंबे समय से लंबित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाएं।
डीसी अपराजिता ने बताया कि प्रत्येक सोमवार और वीरवार को समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं, जिनमें आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाता है। यह शिविर जिला मुख्यालय के साथ-साथ उपमंडल स्तर पर भी आयोजित हो रहे हैं, जहां संबंधित एसडीएम शिकायतों का निपटारा कर रहे हैं।

About The Author
संबंधित समाचार



