Kaithal/Guhla Chika News: चार हजार रुपए के विवाद ने ली एक व्यक्ति की जान, आत्महत्या कर दे दी जान
गुहला के गांव थेह बनेडा में करीब 40 वर्षीय एक व्यक्ति ने जहरीला दवाई पीकर सुसाइड कर लिया। मामला पैसों के लेनदेन का था, जिसमें गांव के सरपंच ने उसे कथित रूप से जान से मारने की धमकी दी थी।
गुहला चीका: गुहला के गांव थेह बनेडा में करीब 40 वर्षीय एक व्यक्ति ने जहरीला दवाई पीकर सुसाइड कर लिया। मामला पैसों के लेनदेन का था, जिसमें गांव के सरपंच ने उसे कथित रूप से जान से मारने की धमकी दी थी। मृतक की पत्नी ने गांव के सरपंच और उसके दो बेटों पर उसके पति को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में महिला ने चीका थाना में शिकायत दी है। गांव थेह बनेडा निवासी मीरा देवी ने चीका थाना में दी शिकायत में बताया कि उसका पति मलुका राम मजदूरी का काम करता था। करीब 5-6 दिन पहले से उसके पति के साथ गांव के सरपंच रामपाल का झगड़ा हो गया था। यह झगड़ा पैसे के लेन देन के बारे में हुआ था और उसके पति को चोटें लगी थी। रामपाल ने उसके पति से चार हजार रुपए लेने थे। बाद में इसका पंचायती तौर पर फैसला हो गया था। पंचायत होने के बाद रामपाल ने उसके पति को जान से मारने की धमकी भी दी थी। इस कारण से उसका पति टैंशन में था। वह घर से भी रामपाल द्वारा दी गई धमकी से आहत होकर निकला था। कल शाम को सरकारी अस्पताल से उसके पास काल आई कि आपके पति ने जहरीली दवाई खा ली, वे तुरंत अस्पताल पहुंचे और मलुका राम को संभाला। वहां से उसको राजिन्द्र अस्पताल पटियाला में भेज दिया गया। वहां इलाज के दौरान उसके पति की मौत हो गई। शिकायतकर्ता ने कहा कि उसके पति ने रामपाल और उसके दो बेटों की प्रताडऩा से तंग आकर सुसाइड किया है। मलुका राम के दो बेटे हैं। शिकायतकर्ता ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस:
चीका थाना के जांच अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि इस संबंध में पुलिस के पास शिकायत आई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।




