जमीन पर गिरे ट्रांसफार्मर से हो रही बिजली आपूर्ति, ग्रामीणों में दहशत
विभागीय अधिकारियों ने दिए समाधान के निर्देश।
क्षेत्र के गांव रावली कूबड़ाका बास में जमीन पर गिरे बिजली ट्रांसफार्मर से बिजली आपूर्ति किए जाने का मामला सामने आया है, जिससे ग्रामीणों में भय और नाराजगी का माहौल है।
फिरोजपुर झिरका। क्षेत्र के गांव रावली कूबड़ाका बास में जमीन पर गिरे बिजली ट्रांसफार्मर से बिजली आपूर्ति किए जाने का मामला सामने आया है, जिससे ग्रामीणों में भय और नाराजगी का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब 15 दिन पहले तेज हवा और तूफान के दौरान बिजली लाइन और पोल क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिससे बिजली निगम को लाखों रुपये का नुकसान हुआ और संबंधित फीडर की आपूर्ति बाधित हो गई थी। इसी दौरान एक बिजली ट्रांसफार्मर भी जमीन पर गिर गया था, जिसे अब तक व्यवस्थित रूप से ठीक नहीं किया गया।
ग्रामीण सद्दाम हुसैन, समाजसेवी ममरेज, शाहिद और नसरुद्दीन सहित अन्य लोगों ने बताया कि बिजली निगम की ओर से गिरे हुए ट्रांसफार्मर को उठाकर सुरक्षित तरीके से स्थापित करने के बजाय उसी हालत में बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उनका कहना है कि जमीन पर पड़े ट्रांसफार्मर में करंट प्रवाहित होने के कारण ग्रामीणों को लगातार सतर्क रहना पड़ रहा है और एक-दूसरे को सावधान किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने चिंता जताई कि गांव का क्षेत्र अरावली के नजदीक होने के कारण यहां वन्य जीवों की आवाजाही बनी रहती है, वहीं पशुपालक अपने मवेशियों को चराने के लिए इसी क्षेत्र में ले जाते हैं। ऐसे में किसी भी समय जानवरों या लोगों के साथ हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि कोई दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी सीधे तौर पर बिजली निगम की होगी। ग्रामीणों ने मांग की है कि बिजली लाइन और ट्रांसफार्मर को जल्द से जल्द सुरक्षित तरीके से दुरुस्त किया जाए तथा इस मामले में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। वहीं इस संबंध में बिजली निगम के एसई जोगिंदर हुड्डा ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा और यदि किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।

About The Author
संबंधित समाचार



