15 फरवरी को उटावड़ में सामाजिक बुराइयों के खिलाफ महापंचायत, सभी बिरादरियों को दिया जा रहा न्योता: विधायक इसराइल
सामाजिक बुराइयों के खिलाफ एकजुटता का संदेश देने के उद्देश्य से 15 फरवरी को बड़े गांव उटावड़ मोड़ पर आयोजित होने वाली महापंचायत को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में विधायक चौधरी मोहम्मद इसराइल ने विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उन्हें ससम्मान आमंत्रित किया।
नूंह: सामाजिक बुराइयों के खिलाफ एकजुटता का संदेश देने के उद्देश्य से 15 फरवरी को बड़े गांव उटावड़ मोड़ पर आयोजित होने वाली महापंचायत को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में विधायक चौधरी मोहम्मद इसराइल ने विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उन्हें ससम्मान आमंत्रित किया।

पूर्व जिला पार्षद एवं पत्रकार यूनुस अलवी, मौलाना हारून साहब (रसूलपुर), मौलाना अब्दुल रशीद ज़ैमत और मौलाना अब्दुल्लाह साहब (सिंगार) से मुलाकात कर उन्हें महापंचायत में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया। इस दौरान समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करने, दहेज प्रथा, नशाखोरी और अन्य कुरीतियों पर रोक लगाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
महापंचायत को सर्वसमाज की भागीदारी वाला आयोजन बनाने के लिए विधायक इसराइल द्वारा सभी बिरादरियों के चौधरियों और प्रमुख लोगों को व्यक्तिगत रूप से न्योता दिया जा रहा है। इसी क्रम में विधायक ने अन्य जिम्मेदार साथियों के साथ सलमानी समाज के हरियाणा–राजस्थान संयुक्त प्रधान चौधरी आरिफ सलमानी अंधरौला (JE) से भी मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित किया। चौधरी आरिफ के माध्यम से पूरे सलमानी समाज से महापंचायत में पहुंचकर समाज सुधार की इस मुहिम को मजबूती देने की अपील की गई।
इसके अलावा अलवी समाज, सलमानी समाज सहित अन्य समाजों के प्रमुख लोगों, वर्तमान एवं पूर्व विधायकों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। विधायक ने पूर्व जिला पार्षद यूनुस अलवी (लाहबास, नूंह) और अल्वी वेलफेयर मंच हरियाणा को भी विशेष रूप से न्योता दिया है।
विधायक मोहम्मद इसराइल ने कहा कि महापंचायत का उद्देश्य किसी एक वर्ग विशेष तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे समाज को साथ लेकर चलना है। उन्होंने बताया कि सभी बिरादरियों के प्रमुख लोगों को न्योता देने की अलग-अलग जिम्मेदारियां तय की गई हैं, ताकि कोई भी समाज या वर्ग अछूता न रहे।
15 फरवरी को उटावड़ मोड़ पर होने वाली यह महापंचायत दहेज प्रथा, नशाखोरी और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एक बड़ा संदेश देने का मंच बनेगी, जहां सर्वसमाज एकजुट होकर सामाजिक सुधार का संकल्प लेगा।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



