बजट सत्र में सरकार को घेरने की चेतावनी, खेल मंत्री को सौंपा ज्ञापन
पुरानी पेंशन बहाली संघर्ष समिति, पलवल जिला द्वारा सरकारी कर्मचारियों की मांग पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली को लेकर खेल मंत्री गौरव गौतम को ज्ञापन सौंपा गया।
पलवल: पुरानी पेंशन बहाली संघर्ष समिति, पलवल जिला द्वारा सरकारी कर्मचारियों की मांग पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली को लेकर खेल मंत्री गौरव गौतम को ज्ञापन सौंपा गया। कार्यक्रम समिति के आह्वान पर जिला अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
ज्ञापन के माध्यम से जिला महासचिव मनोज दलाल व अन्य सभी कर्मचारियों ने साफ शब्दों में कहा कि पुरानी पेंशन कोई कृपा या रियायत नहीं, बल्कि कर्मचारी का संवैधानिक, नैतिक और सामाजिक अधिकार है, जिसे किसी भी कीमत पर समाप्त नहीं होने दिया जाएगा। लक्ष्मी नारायण ने बताया कि वर्तमान कोई भी नेता एक बार विधायक बन जाता है तो ताउम्र उसको पुरानी पेंशन मिलती है और जितनी बार विधायक व सांसद बन जाए तो उतनी बार ही उसको पुरानी पेंशन दी जाती है, जबकि कर्मचारी 30-40 वर्ष विभाग के माध्यम से आम जन को अपनी सेवाएं देता है, फिर भी पुरानी पेंशन नसीब नहीं होती है। इस तरह का भेदभाव बिल्कुल भी न्याय संगत नहीं है। इसलिए समिति ने चेताया कि पुरानी पेंशन बहाल करनी चाहिए।
जिला अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण ने कहा कि पुरानी पेंशन स्कीम ही एकमात्र ऐसी व्यवस्था है जो कर्मचारी को अंतिम वेतन के आधार पर आजीवन सुनिश्चित पेंशन, महंगाई राहत तथा पारिवारिक पेंशन प्रदान करती है। यही योजना कर्मचारी को मानसिक सुरक्षा और सम्मान देती है, जिससे वह बिना भय के शासन-प्रशासन की नीतियों को ईमानदारी से लागू करता है।
समिति ने कहा कि शेयर बाजार पर आधारित पेंशन व्यवस्था कर्मचारियों की जीवनभर की कमाई को जोखिम में डालती है। सेवानिवृत्ति के समय मिलने वाली सीमित और अनिश्चित राशि बुढ़ापे में इलाज, दवाइयों और दैनिक जीवन यापन के लिए भी अपर्याप्त साबित हो रही है। यह व्यवस्था केवल कर्मचारी ही नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार के भविष्य पर सीधा हमला है। डॉ संपत शर्मा जी ने पुरानी पेंशन की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि ये एक बेहद जरूरी एवं जायज मांग है जो कि पूरी होनी चाहिए।
खेलमंत्री गौरव गौतम ने कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि आगामी विधानसभा के बजट सत्र में पुरानी पेंशन बहाली के मुद्दे को प्रभावी और मजबूती से सरकार के समक्ष रखा जाएगा। इस अवसर पर डॉ संपत शर्मा, जिला समिति के संगठन सचिव बच्चन सिंह, सहसचिव जितेंद्र सिंह, प्रेस सचिव अजय चावला, जिला हसला प्रधान हुकुम सिंह , पूर्व हज़रस प्रधान वीर सिंह, अशोक कुमार, राज कुमार, बुध सिंह, सूबे सिंह, मुकेश कुमार, नरेश शास्त्री, जगवीर सिंह, मुकेश डागर, कर्मवीर डागर, अशोक कुमार, उदय चंद जेई, अनिल कुमार मौजूद रहे।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



