तावडू महारैली में सीएम नायब सैनी ने की विकास की बौछार: हजारों की भीड़ ने किया जोरदार स्वागत।
मुख्यमंत्री ने की घोषणा तावडू में बनेगा बाईपास तावडू उपमंडल में विकसित सोहना-तावडू रैली: करोड़ों की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन
नूंह हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नूंह जिले के तावडू उपमंडल में आयोजित 'विकसित सोहना-तावडू महारैली' को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास को नई ऊर्जा प्रदान की।
तावड़ू, नूंह : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नूंह जिले के तावडू उपमंडल में आयोजित 'विकसित सोहना-तावडू महारैली' को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास को नई ऊर्जा प्रदान की। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर उन्होंने सबसे पहले नूंह के प्रसिद्ध नलेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक किया, पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे तावडू की नई अनाज मंडी में पहुंचे, जहां हजारों की भारी संख्या में क्षेत्रवासियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने मेवात की इस वीर और ऐतिहासिक धरती की सराहना करते हुए कहा कि 1857 की प्रथम स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आजादी के संघर्ष तक यहां के लोगों ने अदम्य साहस और बलिदान का परिचय दिया है। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के विकास कार्य विपक्ष को खल रहे हैं, क्योंकि पिछले 11 वर्षों में सोहना-तावडू क्षेत्र में 1555 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य हुए हैं, जबकि कांग्रेस के 10 वर्षों के शासन में मात्र 222 करोड़ रुपये ही खर्च हुए। रैली के मुख्य आकर्षण के रूप में मुख्यमंत्री ने तावडू और सोहना क्षेत्र के लिए कुल 4000 करोड़ रुपये से अधिक की 16 बड़ी विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें तावडू शहर के बाईपास निर्माण के लिए प्रस्ताव केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को भेजना, गुरुग्राम-सोहना एलिवेटेड एक्सप्रेसवे का दमदमा मोड़ से सोना तक विस्तार, हसनपुर और सहजा वास में सामुदायिक केंद्र, कोटा खेड़ा में कुश्ती के लिए इंडोर स्टेडियम, तावडू में हरियाणा रोडवेज का सब डिपो, पीडब्ल्यूडी सड़कों की मरम्मत, नाबार्ड/पीएमजीएसवाई अंतर्गत 15.90 किमी सड़कों का विशेष रिपेयर, खेत-खलियान पक्की सड़कें और अन्य कई योजनाएं शामिल हैं। विधायक तेजपाल तंवर ने मंच पर क्षेत्र की प्रमुख मांगें रखीं, जिन पर मुख्यमंत्री ने तत्काल कई घोषणाएं कीं और भूमि उपलब्ध कराने की अपील की। रैली में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और हरियाणा कैबिनेट मंत्री राव नरवीर सिंह भी एक मंच पर उपस्थित रहे, जिससे क्षेत्र में भाजपा की मजबूत एकजुटता का संदेश गया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मुफ्त डायलिसिस सुविधा, लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 रुपये मासिक, उज्ज्वला गैस सिलेंडर 500 रुपये में, किसानों की फसल एमएसपी पर खरीद, बुजुर्गों की पेंशन में वृद्धि, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों घर, आयुष्मान भारत के तहत इलाज, 17 जिलों में कैंसर केयर सेंटर्स, युवाओं को बिना पर्ची-खर्ची रोजगार और अन्य कई योजनाएं चल रही हैं। उन्होंने कहा कि 217 संकल्पों में से 60 पूरे हो चुके हैं और बाकी पर तेज गति से काम चल रहा है। अंत में मुख्यमंत्री ने तावडू की इस ऐतिहासिक धरती से हरियाणा को देश का सबसे विकसित राज्य बनाने का संकल्प दोहराया और क्षेत्रवासियों से मिल-जुलकर विकास में योगदान देने की अपील की। रैली में मौजूद हजारों लोगों ने तालियों और नारों से उनका समर्थन जताया, जिससे तावडू उपमंडल में भाजपा सरकार के प्रति गहरा विश्वास और उत्साह का माहौल दिखाई दिया।


About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



