Nuh Mewat News: राजकीय आईटीआई नूंह में प्रवेश प्रक्रिया शुरू, ऑनलाइन भरें आवेदन

तकनीकी शिक्षा से युवाओं को मिलेगा रोजगार और स्वरोजगार का बेहतर अवसर : प्रधानाचार्य सुधीर कुमार

Desh Rojana
On

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), नूंह में सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न व्यवसायों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया सोमवार से प्रारंभ हो गई है। 

नूंह: राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), नूंह में सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न व्यवसायों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया सोमवार से प्रारंभ हो गई है। संस्थान के प्रधानाचार्य सुधीर कुमार ने बताया कि तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न रोजगारपरक ट्रेडों में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि संस्थान में कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (सीओपीए), ड्राफ्ट्समैन (सिविल), ड्राफ्ट्समैन (मैकेनिकल), इलेक्ट्रिशियन, फिटर, मशीनिस्ट, मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल, प्लंबर, शीट मेटल वर्कर, टर्नर, वेयरहाउस टेक्नीशियन, वेल्डर, वायरमैन तथा वुड वर्क टेक्नीशियन सहित विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं तथा प्रवेश मेरिट के आधार पर किया जाएगा।

प्रधानाचार्य सुधीर कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी शिक्षा युवाओं को रोजगार से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बन चुकी है। आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं के लिए सरकारी विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों, निजी उद्योगों तथा स्वरोजगार के क्षेत्र में रोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। संस्थान में आधुनिक मशीनों, सुसज्जित प्रयोगशालाओं तथा अनुभवी अनुदेशकों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है, जिससे प्रशिक्षणार्थियों के कौशल और रोजगार क्षमता में वृद्धि होती है।

उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ आईटीआई प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को भी मिलता है। संस्थान में प्रशिक्षण के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, रोजगार मार्गदर्शन, उद्योग भ्रमण तथा अन्य कौशल विकास गतिविधियों का भी नियमित आयोजन किया जाता है।

प्रधानाचार्य ने जिले के युवाओं एवं अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए अधिक से अधिक संख्या में आईटीआई में प्रवेश लें और तकनीकी शिक्षा का लाभ उठाएं। प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी राजकीय आईटीआई नूंह में संपर्क कर सकते हैं अथवा विभागीय पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad