Faridabad News: ईएसआईसी (ESIC) ने रोगी-केंद्रित स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करने के लिए अस्पतालों और औषधालयों में एक केंद्रीकृत ऑनलाइन रोगी फीडबैक प्रणाली शुरू की
रोगी अब विभिन्न डिजिटल चैनलों के माध्यम से स्वच्छता, कर्मचारियों के व्यवहार और दवाओं की उपलब्धता पर सीधे फीडबैक दे सकते हैं
चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार तथा रोगी-केंद्रित स्वास्थ्य सेवा वितरण को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अधीन कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) ने देशभर में अपने सभी अस्पतालों एवं औषधालयों में एक व्यापक केंद्रीकृत ऑनलाइन रोगी फीडबैक प्रणाली सफलतापूर्वक लागू कर दी है।
फरीदाबाद। चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार तथा रोगी-केंद्रित स्वास्थ्य सेवा वितरण को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अधीन कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) ने देशभर में अपने सभी अस्पतालों एवं औषधालयों में एक व्यापक केंद्रीकृत ऑनलाइन रोगी फीडबैक प्रणाली सफलतापूर्वक लागू कर दी है। यह डिजिटल पहल बीमित व्यक्तियों (आईपी) एवं अन्य रोगियों को अपने स्वास्थ्य सेवा अनुभव साझा करने, शिकायतें एवं सुझाव दर्ज कराने तथा स्वास्थ्य संस्थानों के प्रदर्शन में सुधार हेतु प्रत्यक्ष भागीदारी का अवसर प्रदान करेगी।.webp)
नई प्रणाली के माध्यम से रोगी स्वास्थ्य सेवाओं के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं जैसे अस्पताल एवं परिसर की स्वच्छता, चिकित्सा एवं सहायक कर्मचारियों का व्यवहार, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता तथा अन्य सेवा संबंधी अनुभवों पर अपना फीडबैक आसानी से दर्ज कर सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों की प्रतिक्रिया को सीधे स्वास्थ्य सेवा प्रबंधन से जोड़ते हुए पारदर्शिता, जवाबदेही और सेवा गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित करना है।
रोगियों की अधिकतम भागीदारी और सहज पहुंच सुनिश्चित करने के लिए ईएसआईसी द्वारा फीडबैक प्राप्त करने के कई माध्यम उपलब्ध कराए गए हैं। ईएसआईसी एचआईएस (धनवंतरी) मॉड्यूल के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के तुरंत बाद बीमित व्यक्ति के मोबाइल नंबर पर एसएमएस के जरिए एक सीधा फीडबैक लिंक भेजा जाता है। इसके अतिरिक्त सभी ओपीडी और अस्पताल परिसरों में प्रमुख स्थानों पर बहुभाषी पोस्टरों के माध्यम से क्यूआर कोड प्रदर्शित किए गए हैं, जिन्हें स्कैन कर लाभार्थी तत्काल अपना फीडबैक साझा कर सकते हैं। रोगी आधिकारिक ईएसआईसी वेबसाइट के माध्यम से भी सीधे अपनी प्रतिक्रिया दर्ज करा सकते हैं।
उपयोगकर्ता-अनुकूल इंटरफेस से युक्त इस प्रणाली में लाभार्थियों को केवल अपने मोबाइल फोन से क्यूआर कोड स्कैन करना, अपना आईपी नंबर दर्ज करना, सेवा अनुभव को रेट करना तथा कुछ ही सेकंड में अपना फीडबैक सबमिट करना होता है। फीडबैक की प्रामाणिकता सुनिश्चित करने के लिए सिस्टम में ओटीपी आधारित सत्यापन प्रक्रिया लागू की गई है, जिसके माध्यम से आईपी विवरणों का तत्काल सत्यापन किया जाता है। साथ ही डुप्लिकेट फीडबैक को रोकने के लिए विशेष तकनीकी प्रावधान भी किए गए हैं। देश के विविध भाषाई समूहों को ध्यान में रखते हुए प्लेटफॉर्म में व्यापक बहुभाषी सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
रोगियों द्वारा प्राप्त फीडबैक पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए इस प्रणाली में मजबूत एवं भूमिका-आधारित डिजिटल डैशबोर्ड विकसित किए गए हैं। इनके माध्यम से मुख्यालय स्तर, क्षेत्रीय कार्यालय स्तर तथा स्थानीय ईएसआई स्वास्थ्य संस्थानों के स्तर पर सेवाओं की निरंतर निगरानी की जा सकेगी। यह व्यवस्था प्रशासनिक अधिकारियों को वास्तविक समय में प्राप्त प्रतिक्रियाओं का विश्लेषण करने और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने में सहायता प्रदान करेगी।
विशेष रूप से, सिस्टम में ऐसा स्वचालित चेतावनी तंत्र विकसित किया गया है जो 3 से कम सेवा रेटिंग प्राप्त होने पर संबंधित मामलों को स्वतः चिन्हित कर देता है। इससे गंभीर समस्याओं की शीघ्र पहचान संभव होगी तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा समय पर एवं लक्षित सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी। इसके अतिरिक्त यह प्लेटफॉर्म विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों की प्रदर्शन रैंकिंग तैयार करने में भी सक्षम है, जिससे स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, निरंतर सुधार तथा संस्थागत जवाबदेही की संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।
यह पहल देश के श्रमिकों एवं उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रति ईएसआईसी की प्रतिबद्धता को और अधिक सुदृढ़ करती है। आधुनिक तकनीक आधारित यह फीडबैक प्रणाली स्वास्थ्य सेवा वितरण में पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और नागरिक सहभागिता को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो ईएसआईसी के मूलमंत्र “ईएसआईसी – बेहतर स्वास्थ्य सेवा के लिए प्रतिबद्ध” को सार्थक रूप से प्रतिबिंबित करती है।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



