Rewari News: एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा की अभिभावकों से मार्मिक अपील
- नहर या जोहड़ के गहरे पानी में नहाना हो सकता है जानलेवा - जिला रेवाड़ी पुलिस ने की विशेष एडवाइजरी जारी
गर्मी के मौसम में नहरों, नालों, तालाबों एवं अन्य जल स्रोतों में नहाने के दौरान होने वाली दुखद घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने आमोखास के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है।
रेवाड़ी: गर्मी के मौसम में नहरों, नालों, तालाबों एवं अन्य जल स्रोतों में नहाने के दौरान होने वाली दुखद घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने आमोखास के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने कहा कि बीते कुछ दिनों में नहरों एवं अन्य जल स्रोतों में नहाने के कारण कई दर्दनाक हादसे सामने आए हैं, जिनमें कुछ किशोरों की जान चली गई। भविष्य में ऐसी घटनाएं नहीं हों, इसके लिए जिला रेवाड़ी पुलिस आमजन को जागरुक कर रही है। एसपी ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों की दैनिक गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखें तथा उन्हें नहरों, नालों, तालाबों एवं अन्य गहरे जल स्रोतों पर जाने से रोकें।
उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के चलते अक्सर बच्चे एवं युवक समूह बनाकर नहरों या तालाबों में नहाने चले जाते हैं, जहां पानी के तेज बहाव, गहरा होने या बच्चे को तैरना नहीं आने की वजह से कई बार गंभीर हादसे हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी दुर्घटनाएं केवल एक हादसा नहीं होती, बल्कि इससे पूरा परिवार गहरे मानसिक आघात से गुजरता है और लंबे समय तक उस पीड़ा से उबर नहीं पाता, इसलिए समय रहते ऐसे मामले को लेकर सतर्कता और जागरूक होना बेहद आवश्यक है।
पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से गर्मियों की छुट्टियों के दौरान अभिभावकों को और अधिक सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि छुट्टियों में बच्चे एवं युवा मनोरंजन और घूमने-फिरने के उद्देश्य से ऐसे स्थानों पर जाने की योजना बनाते हैं। ऐसे में परिवारों को चाहिए कि वे बच्चों को सुरक्षित स्थानों पर ही जाने दें तथा उनकी गतिविधियों पर निरंतर नजर रखें।
ग्राम पंचायतों से सहयोग की अपील: एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने जिले की सभी ग्राम पंचायतों से यह अपील की कि वे अपने अपने गांव में सार्वजनिक मुनादी करवाकर लोगों को इस विषय में जागरूक करें कि नहरों में नहाना तथा नहर किनारे बैठकर शराब या अन्य प्रकार का नशा करना नाकेवल खतरनाक है, बल्कि कानूनन भी प्रतिबंधित है।
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति ऐसा करते हुए पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामवासियों से यह अपील भी की वे इस अभियान में जिला पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। खुद जागरुक हो कर दूसरों को भी जागरूक करें, ताकि भविष्य में ऐसी अप्रिय घटना घटित नहीं हो।
थाना प्रभारियों को दिए विशेष निर्देश: एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में आने वाली नहरों, नालों एवं तालाबों पर नियमित गश्त के दौरान विशेष निगरानी रखें। इसके अतिरिक्त नहरों के किनारों पर वाहन खड़े कर शराब या अन्य प्रकार का नशा करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने रेवाड़ी पुलिस की ओर से आमजन से अपील की है कि गर्मी के मौसम में स्वयं भी सतर्क रहें और अपने परिवार व बच्चों को भी सुरक्षित रखें, क्योंकि थोड़ी सी सावधानी किसी बड़े हादसे को टाल सकती है।




