Rewari news: डीएलएसए रेवाड़ी की पहल : जिले में स्थापित होंगे प्रदूषण शिकायत सहायता केंद्र
हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पंचकूला के निर्देशानुसार तथा डॉ. रेणु सोल्खे, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रेवाड़ी के मार्गदर्शन में “प्लास्टिक मुक्त हरियाणा – आज हरित, कल सुरक्षित” अभियान के अंतर्गत जिला रेवाड़ी में प्रदूषण शिकायत सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। यह अभियान प्रदूषण नियंत्रण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी तथा जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
रेवाड़ी: हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पंचकूला के निर्देशानुसार तथा डॉ. रेणु सोल्खे, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रेवाड़ी के मार्गदर्शन में “प्लास्टिक मुक्त हरियाणा – आज हरित, कल सुरक्षित” अभियान के अंतर्गत जिला रेवाड़ी में प्रदूषण शिकायत सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। यह अभियान प्रदूषण नियंत्रण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी तथा जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
डॉ. रेणु सोल्खे ने बताया कि इन सहायता केंद्रों के माध्यम से आमजन को पर्यावरण संरक्षण से संबंधित कानूनों के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन नियम, जल एवं वायु प्रदूषण नियंत्रण अधिनियमों तथा पर्यावरण संरक्षण से संबंधित कानूनी अधिकारों एवं उपायों की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि इन सहायता केंद्रों पर पर्यावरण संबंधी शिकायतों को दर्ज करने, कानूनी परामर्श उपलब्ध कराने तथा निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं के बारे में जानकारी देने की व्यवस्था की जाएगी। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) हेल्पलाइन नंबर 15100 का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
यह सहायता केंद्र 4 जून को मिनी सचिवालय परिसर, रेवाड़ी, 5 जून को अनाज मंडी व नागरिक अस्पताल, रेवाड़ी तथा 6 जून को बस अड्डा एवं रेलवे स्टेशन, रेवाड़ी में स्थापित किए जाएंगे।
इन कार्यक्रमों में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रेवाड़ी के पैनल अधिवक्ता एवं पैरा लीगल वालंटियर्स आमजन को पर्यावरण संरक्षण, जल बचाव, प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली तथा उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे।
उन्होंने बताया कि किसी भी नागरिक को यदि प्रदूषण, प्लास्टिक उपयोग, जल प्रदूषण, कूड़ा-करकट निस्तारण अथवा पर्यावरण संरक्षण से संबंधित कोई शिकायत या समस्या है, तो वह इन सहायता केंद्रों पर जाकर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकता है तथा निःशुल्क कानूनी परामर्श एवं सहायता प्राप्त कर सकता है।
डॉ. रेणु सोल्खे ने आमजन से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा “प्लास्टिक मुक्त हरियाणा” अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें।




