जिले की सभी तहसीलों एवं उप-तहसीलों में राजस्व सेवाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ऑटो म्यूटेशन सिस्टम तथा पेपरलेस रजिस्ट्रेशन 2.0 का शुभारंभ किया जाएगा।
नूंह: जिले की सभी तहसीलों एवं उप-तहसीलों में राजस्व सेवाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ऑटो म्यूटेशन सिस्टम तथा पेपरलेस रजिस्ट्रेशन 2.0 का शुभारंभ किया जाएगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 23 जून, मंगलवार को वर्चुअल माध्यम से इस महत्वाकांक्षी पहल का शुभारंभ करेंगे।
c उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि जिला स्तर पर कार्यक्रम के सफल आयोजन तथा आमजन में इसकी जानकारी पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य राजस्व सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सरल, त्वरित एवं नागरिक हितैषी बनाना है, ताकि लोगों को सेवाओं का लाभ बिना किसी अनावश्यक देरी के प्राप्त हो सके।
उपायुक्त ने बताया कि ऑटो म्यूटेशन सिस्टम लागू होने के बाद संपत्ति के पंजीकरण के साथ ही नामांतरण (म्यूटेशन) की प्रक्रिया स्वतः प्रारंभ हो जाएगी। इससे म्यूटेशन कार्य में लगने वाला समय कम होगा तथा नागरिकों को बार-बार राजस्व कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नई व्यवस्था से कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी और राजस्व अभिलेखों को समय पर अद्यतन किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि पेपरलेस रजिस्ट्रेशन 2.0 के माध्यम से संपत्ति पंजीकरण प्रक्रिया को पूर्णतः डिजिटल बनाया जा रहा है। इस प्रणाली के तहत दस्तावेजों के डिजिटलीकरण, ऑनलाइन प्रक्रिया और तकनीकी नवाचारों के माध्यम से नागरिकों को अधिक सुविधाजनक एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे समय की बचत होने के साथ-साथ कागजी कार्यवाही में कमी आएगी तथा प्रशासनिक दक्षता में भी वृद्धि होगी।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि डिजिटल तकनीकों के उपयोग से राजस्व विभाग की सेवाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुगमता सुनिश्चित होगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नई प्रणाली के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण की जाएं तथा नागरिकों को इसके लाभों के बारे में व्यापक रूप से जागरूक किया जाए।
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।