Nuh Mewat News: नीट-2026 परीक्षा जिला नूंह में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न : एडीसी ज्योति
चारों परीक्षा केंद्रों पर1535 बच्चों ने दी नीट परीक्षा
अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति ने बताया कि जिला नूंह के चारों परीक्षा केंद्रों पर आयोजित नीट-2026 प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
नूंह: अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति ने बताया कि जिला नूंह के चारों परीक्षा केंद्रों पर आयोजित नीट-2026 प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की गई थीं।
उन्होंने बताया कि परीक्षा से पूर्व सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई तथा सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। साथ ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निरंतर निगरानी रखी गई।

एडीसी ने बताया कि अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप गहन जांच के बाद करवाई गई। सभी केंद्रों पर परीक्षार्थियों की एंट्री सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से हुई, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न नहीं हुई। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई थीं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
परीक्षा उपस्थिति के संबंध में उन्होंने बताया कि राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नूंह-1 में 494 में से 471 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 23 अनुपस्थित रहे। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नूंह-2 में 600 में से 548 अभ्यर्थी उपस्थित रहे तथा 52 अनुपस्थित रहे। राजकीय आईटीआई मरोड़ा केंद्र पर 240 में से 224 अभ्यर्थी उपस्थित रहे और 16 अनुपस्थित रहे। वहीं शहीद लेफ्टिनेंट किरण शेखावत राजकीय महिला महाविद्यालय, सालाहेड़ी में 312 में से 292 अभ्यर्थी उपस्थित रहे तथा 20 अनुपस्थित रहे।
जिला के चारों परीक्षा केंद्रों पर कुल 1,646 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 1,535 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 111 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति ने परीक्षा संचालन में सहयोग देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस प्रशासन तथा केंद्र अधीक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि सभी के समन्वित प्रयासों से परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई।




