Nuh Mewat News : इन्दाना मामले को लेकर सोमवार का कार्यक्रम रद्द, अब बुधवार को नूंह में होगा बड़ा प्रदर्शन
इन्दाना गांव में बेटी को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर प्रस्तावित सोमवार का ज्ञापन कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। अब इस मुद्दे पर बुधवार को नूंह मिनी सचिवालय पर बड़े स्तर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
नूंह। इन्दाना गांव में बेटी को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर प्रस्तावित सोमवार का ज्ञापन कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। अब इस मुद्दे पर बुधवार को नूंह मिनी सचिवालय पर बड़े स्तर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। यह निर्णय अलवी कॉर्डिनेशन कमेटी और अन्य सामाजिक साथियों की सहमति से लिया गया है।
अलवी कॉर्डिनेशन कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व जिला पार्षद यूनुस अलवी नंबरदार ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले सोमवार को ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम तय था, लेकिन परिस्थितियों और साथियों की राय को देखते हुए इसे स्थगित कर दिया गया है। अब बुधवार को सुबह 10 बजे नूंह मिनी सचिवालय पर हजारों लोगों की मौजूदगी में बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद उपायुक्त (डीसी) के माध्यम से मुख्यमंत्री, गृह मंत्री, महिला आयोग और पिछड़ा वर्ग आयोग के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
उन्होंने बताया कि सोमवार का कार्यक्रम रद्द करने के पीछे दो मुख्य कारण हैं। पहला, सोमवार को इनेलो पार्टी का पहले से प्रस्तावित प्रदर्शन है, जिसमें कई प्रमुख साथी जैसे जैकम अलवी चेयरमैन और जिला पार्षद मुबीन सहित अनेक लोग व्यस्त रहेंगे। ऐसे में अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया है। दूसरा कारण यह है कि अधिकतर साथियों की राय थी कि केवल ज्ञापन देने के बजाय बड़ा प्रदर्शन कर आवाज बुलंद की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके।
यूनुस अलवी ने बताया कि बुधवार को होने वाला प्रदर्शन केवल एक समाज तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें 36 बिरादरी के लोग हिंदू-मुस्लिम एकता के साथ शामिल होंगे। इस प्रदर्शन में कांग्रेस, इनेलो, जेजेपी और बीजेपी सहित सभी राजनीतिक दलों के मौजूदा विधायक, पूर्व विधायक, जिला अध्यक्षों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं। इसके तहत 5-5 जिम्मेदार साथियों की टीमें बनाई जाएंगी, जो विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के प्रमुखों से संपर्क कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित करेंगी।
अलवी ने सभी साथियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन को सफल बनाएं और इन्दाना की बेटी को न्याय दिलाने की इस लड़ाई में अपना सहयोग दें। उन्होंने कहा कि यह केवल एक समाज की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की बेटी का मामला है, जिसमें सभी को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए।




