Nuh Mewat News: प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत 1100 से अधिक गर्भवती महिलाओं की हुई जांच : सिविल सर्जन डॉ. ज्योत्स्ना
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) के अंतर्गत जिला नूंह में दूसरे दिन भी विशेष प्रसव पूर्व जांच अभियान का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। अभियान के दौरान जिलेभर में 1100 से अधिक गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
नूंह। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) के अंतर्गत जिला नूंह में दूसरे दिन भी विशेष प्रसव पूर्व जांच अभियान का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। अभियान के दौरान जिलेभर में 1100 से अधिक गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

सिविल सर्जन डॉ. ज्योत्स्ना ने बताया कि जिला स्वास्थ्य प्रशासन के निर्देशन में सिविल अस्पताल नूंह, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा अन्य नामित स्वास्थ्य संस्थानों में पीएमएसएमए क्लीनिक आयोजित किए गए। इन क्लीनिकों में गर्भवती महिलाओं का रक्तचाप, हीमोग्लोबिन एवं रक्त शर्करा परीक्षण किया गया। आवश्यकता अनुसार अल्ट्रासाउंड के लिए रेफरल, पोषण संबंधी परामर्श तथा सुरक्षित एवं संस्थागत प्रसव के बारे में विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का उद्देश्य प्रत्येक गर्भवती महिला, विशेष रूप से गर्भावस्था की दूसरी एवं तीसरी तिमाही में पहुंच चुकी महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व देखभाल उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की समय रहते पहचान कर उनका समुचित उपचार एवं आवश्यकतानुसार उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफरल सुनिश्चित किया जाता है।
सिविल सर्जन डॉ. ज्योत्स्ना ने बताया कि अभियान के दौरान कई उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान की गई, जिन्हें आगे की जांच एवं विशेषज्ञ उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य संस्थानों से जोड़ा गया है, ताकि मां एवं शिशु दोनों का स्वास्थ्य सुरक्षित रखा जा सके।
उन्होंने कार्यक्रम के सफल संचालन में योगदान देने वाले चिकित्सकों, विशेषज्ञों, नर्सिंग स्टाफ, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नियमित प्रसव पूर्व जांच स्वस्थ मातृत्व की आधारशिला है। उन्होंने जिले की सभी गर्भवती महिलाओं से प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत उपलब्ध निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।
डॉ. ज्योत्स्ना ने कहा कि जिला स्वास्थ्य विभाग मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व देखभाल, समयबद्ध उपचार तथा जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लगातार कार्य कर रहा है।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।



