Nuh news: डीसी ने समाधान शिविर में अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश, शिकायतों का गंभीरता से करें समाधान
जिला प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित, प्रभावी एवं पारदर्शी समाधान के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर लोगों को राहत पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। यह बात उपायुक्त अखिल पिलानी ने लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर के दौरान कही।
नूंह: जिला प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित, प्रभावी एवं पारदर्शी समाधान के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर लोगों को राहत पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। यह बात उपायुक्त अखिल पिलानी ने लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर के दौरान कही।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने वीरवार को आयोजित समधान शिविर में प्राप्त शिकायतों को सुनते हुए सभी विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की ढिलाई, लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और प्रत्येक अधिकारी को अपनी जिम्मेदारी का गंभीरता से निर्वहन करना होगा।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निपटारा सुनिश्चित किया जाए। जिन मामलों का मौके पर समाधान संभव है, उनका तत्काल निस्तारण किया जाए तथा लंबित मामलों की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में कोताही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सोमवार व वीरवार को नियमित लग रहे समाधान शिविर :- उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि जिला एवं उपमंडल मुख्यालयों पर प्रत्येक सोमवार और वीरवार को प्रात: 10 बजे से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों को एक ही स्थान पर सुनकर उनका त्वरित समाधान करने का प्रयास किया जाता है, जिससे आमजन को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।
मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जनसमस्याओं के समाधान पर विशेष फोकस: उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में समाधान शिविरों का प्रभावी संचालन किया जा रहा है। इन शिविरों का उद्देश्य आमजन को सुशासन का लाभ उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निपटारा किया जाए, ताकि लोगों का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा उनके शीघ्र समाधान के निर्देश जारी किए गए। उन्होंने बताया आयोजित शिविर में 15 शिकायत प्राप्त हुई। इस अवसर पर नगराधीश अप्रितम सिंह, डीएसपी पृथ्वी सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा, उप-सिविल सर्जन डा. विशाल सिंगला, उप-सिविल सर्जन डा. हेमंत सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।




