Nuh News: विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर लघु सचिवालय में लगाई गई प्रदर्शनी
विभाजन की विभीषिका को कभी भुलाया नहीं जा सकता : उपायुक्त अखिल पिलानी
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर लघु सचिवालय में विभाजन की त्रासदी और उस दौर में लोगों द्वारा झेले गए संघर्ष एवं कठिनाइयों को दर्शाती प्रदर्शनी लगाई गई। उपायुक्त अखिल पिलानी ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और इसमें प्रदर्शित चित्रों एवं सामग्री के माध्यम से विभाजन के दौरान प्रभावित हुए लोगों के संघर्ष, पीड़ा और त्याग को याद किया।
नूंह: विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर लघु सचिवालय में विभाजन की त्रासदी और उस दौर में लोगों द्वारा झेले गए संघर्ष एवं कठिनाइयों को दर्शाती प्रदर्शनी लगाई गई। उपायुक्त अखिल पिलानी ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और इसमें प्रदर्शित चित्रों एवं सामग्री के माध्यम से विभाजन के दौरान प्रभावित हुए लोगों के संघर्ष, पीड़ा और त्याग को याद किया।
इस अवसर पर उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिवस हमें देश के विभाजन के दौरान लाखों लोगों द्वारा झेली गई पीड़ा, संघर्ष और कठिन परिस्थितियों की याद दिलाता है। स्वतंत्रता प्राप्ति के साथ देश ने एक नए युग में प्रवेश किया, लेकिन विभाजन के समय लोगों को भारी कठिनाइयों और विस्थापन का सामना करना पड़ा। इस प्रदर्शनी के माध्यम से उसी इतिहास को नई पीढ़ी के सामने प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा कि हमें अपने इतिहास से रूबरू होना चाहिए और उन सभी लोगों के संघर्ष एवं बलिदान को याद रखना चाहिए, जिन्होंने विभाजन के कठिन दौर में अपना सब कुछ खो दिया। हमारे पूर्वजों, दादा-दादी और परदादा-परदादियों ने उस समय जिन परिस्थितियों का सामना किया, उनकी स्मृतियां आने वाली पीढ़ियों के लिए इतिहास का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
उपायुक्त ने जिलावासियों, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों से अपील की कि वे इस प्रदर्शनी का अवलोकन करें और विभाजन के इतिहास एवं उससे जुड़ी घटनाओं को समझें। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमें अपने अतीत को जानने, उससे सीख लेने तथा देश की एकता, अखंडता और भाईचारे के महत्व को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति, जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा, एफ एल एन कोऑर्डिनेटर कुसुम मलिक, डीईईओ मामराज सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित थे।

About The Author
संबंधित समाचार



