Mewat/ Taudu News: 2 अक्टूबर को तावडू आएंगे भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस ने शुरू की तैयारियां
तावडू पहुंचे कांग्रेस प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज व गुरुग्राम ग्रामीण जिला अध्यक्ष वर्धन यादव, कार्यकर्ता सम्मेलन कर दिया रैली का निमंत्रण
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आगामी 2 अक्टूबर को तावडू आगमन को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में बुधवार को तावडू में ब्लॉक कांग्रेस चेयरमैन राजेश सहरावत के नेतृत्व में खंड स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया
तावडू। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आगामी 2 अक्टूबर को तावडू आगमन को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में बुधवार को तावडू में ब्लॉक कांग्रेस चेयरमैन राजेश सहरावत के नेतृत्व में खंड स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें कांग्रेस प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज और गुरुग्राम ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष वर्धन यादव मुख्य रूप से पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का जोरदार स्वागत किया और रैली को सफल बनाने का संकल्प लिया।

कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए जितेंद्र भारद्वाज ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि तावडू को भाजपा विधायक ने लावारिस बना दिया है और विकास में यह क्षेत्र काफी पिछड़ गया है। तावडू नूंह जिले का हिस्सा है लेकिन सोहना विधानसभा के तहत गुरुग्राम में आता है, जिसके चलते इसके साथ सौतेला व्यवहार हुआ है। सोहना-तावडू सड़क की हालत बदतर है और जाम की समस्या स्थाई बन चुकी है। उन्होंने कहा कि जब भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार थी, तब तावडू में प्रदेश स्तर पर विकास कार्य हुए थे, बड़ी राशि स्वीकृत की गई थी।
कांग्रेस सरकार बनने पर ही तावडू फिर से विकास की रफ्तार पकड़ेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र में राहुल गांधी और प्रदेश में भूपेंद्र सिंह हुड्डा विपक्ष की मजबूत भूमिका निभाते हुए जनता की आवाज उठा रहे हैं। भाजपा शासन में देश में कानून व्यवस्था बिगड़ चुकी है और देश विकास की राह से भटक गया है। जितेंद्र भारद्वाज ने जिला अध्यक्ष वर्धन यादव की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह जमीनी स्तर पर मेहनत कर रहे हैं और कांग्रेस के लिए एक उपयुक्त नेता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि स्थानीय कार्यकर्ताओं की मजबूती ही जरूरी है और इन्हीं में से आने वाले समय में तावडू का विधायक होगा।
इस दौरान गुरुग्राम ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष वर्धन यादव ने कहा कि यदि इस बार भी देश की जनता ने भाजपा सरकार को नहीं बदला तो यह आखिरी चुनाव होगा और देश में तानाशाही राज कायम हो जाएगा। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा का सपना है कि एक बार फिर कांग्रेस सरकार बनाकर ही वह राजनीति से संन्यास लेंगे। 2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा तावडू आ रहे हैं, उनकी रैली को कामयाब बनाएं और उनका हाथ मजबूत करें।कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय युवा मौजूद रहे।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



