Gurugram News: दो साल बाद दर्ज हुआ युवक की मौत का केस, पत्नी और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई एफआईआर, ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप
मेट्रो स्टेशन पर सितंबर 2024 में मेट्रो ट्रेन के आगे कूदकर जान गंवाने वाले युवक के मामले में करीब दो साल बाद पुलिस ने उसकी पत्नी समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। यह कार्रवाई अदालत के आदेश के बाद की गई है। मृतक के परिजनों ने पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम: मेट्रो स्टेशन पर सितंबर 2024 में मेट्रो ट्रेन के आगे कूदकर जान गंवाने वाले युवक के मामले में करीब दो साल बाद पुलिस ने उसकी पत्नी समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। यह कार्रवाई अदालत के आदेश के बाद की गई है। मृतक के परिजनों ने पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के शिवपुरी निवासी सुशांत कामरा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर 2024 को सुशांत ने मिलेनियम सिटी मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन के आगे छलांग लगा दी थी। सूचना मिलने के बाद मेट्रो थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था।
शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर अदालत पहुंचे पिता
घटना के बाद सुशांत के परिवार की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई थी। परिजनों ने उसकी पत्नी और ससुराल के लोगों पर कथित मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर सुशांत के पिता अजय कुमार ने अदालत का रुख किया और मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
अदालत के निर्देश के बाद मेट्रो थाना पुलिस ने अब मामला दर्ज किया है। एफआईआर में सुशांत की पत्नी पूजा खन्ना के अलावा साहिल खन्ना, प्रवीण खन्ना, सुनीता खन्ना, सलोनी खन्ना और रवि खन्ना को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने और सामूहिक रूप से किए गए कृत्य से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।
निजी कंपनी में करता था नौकरी
परिजनों के मुताबिक, सुशांत गुरुग्राम में रहकर एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। घटना के बाद परिवार ने उसकी मौत के पीछे कथित घरेलू विवाद और मानसिक प्रताड़ना को वजह बताते हुए जांच की मांग की थी। अब अदालत के आदेश पर मामला दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में सामने आने वाले तथ्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About The Author
संबंधित समाचार



