उन्नाव रेप केस के आरोपी को जमानत देने के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन
प्रदेश प्रभारी ने कहा सुप्रीम कोर्ट में याचिका डालकर दिलाएंगे पीड़िता को न्याय
उन्नाव रेप केस के मुख्य आरोपी कुलदीप सिंह सेंगर की सजा सस्पेंड कर जमानत देने से
उन्नाव रेप केस के मुख्य आरोपी कुलदीप सिंह सेंगर की सजा सस्पेंड कर जमानत देने से आक्रोशित युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लघु सचिवालय पलवल के बाहर प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस पलवल ने पीड़िता को न्याय देने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन का नेतृत्व राष्ट्रीय सचिव व प्रदेश प्रभारी हरियाणा सत्यवान गहलोत, सहप्रभारी प्रियंका चंदेलिया, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता फिरे सिंह पोसवाल ने किया। प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष युवा कांग्रेस दिनेश पोसवाल, जिला इंचार्ज पराग गौतम व युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष योगेश कुमार की अध्यक्षता रही। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि उन्नाव रेप केस की सजायाफ्ता पूर्व विधायक कुलदीप सेंगर को जमानत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ पीड़िता ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने की बात कही है। सुप्रीम कोर्ट में इसे चुनौती दी भी जा चुकी है। वहीं, इसे लेकर अब जनता का आक्रोश भी सड़कों पर नजर आने लगा है.

प्रदेश प्रभारी सत्यवान गहलौत ने कहा कि वह हाई कोर्ट के फैसले के विरोध में प्रदर्शन करने आए हैं, क्योंकि एक बेटी ने असहनीय पीड़ा झेली है। उन्होंने कहा कि इस फैसले ने जनता के विश्वास को चकनाचूर कर दिया है। उन्नाव पीड़ित परिवार के साथ अन्याय है। हम सुप्रीम कोर्ट का रुख करेंगे, क्योंकि उस पर पूरा भरोसा है।
प्रियंका चंदेलिया ने कहा कि वे हाई कोर्ट को दोषी नहीं ठहरा रही हैं, बल्कि केवल उन दो जजों को दोषी ठहरा रही हैं, जिनके फैसले ने हमारे विश्वास को चकनाचूर कर दिया है। पोसवाल कहा कि यह उन्नाव पीड़ित परिवार के साथ अन्याय है। कुलदीप सेंगर की उम्रकैद की सजा बरकरार रहे और महिलाओं की गरिमा के साथ खिलवाड़ नहीं चलेगा। उन्होंने उन्नाव रेप पीड़िता के समर्थन में बलात्कार को संरक्षण देना बंद करो और गुनहगारों को बचाना बंद करो जैसे नारे भी लगाए।
दिनेश पोसवाल ने कहा कि यह कोई संयोग नहीं है कि अदालती छुट्टियों से ठीक दो दिन पहले जमानत दी गई। यह एक सोची-समझी साजिश है। इस देश के लोग मूर्ख नहीं हैं। आरोपी ने एक लड़की का बलात्कार किया और उसके पिता की हत्या कर दी। बलात्कारी को संरक्षण देना बंद करो और पीड़ितों की रक्षा करो।
इस मौके पर गौतम पराग उपाध्यक्ष हरियाणा, राहुल कुमार विधानसभा अध्यक्ष हथीन, विकास नागर, सुखबीर बैंसला, पटेल, वीरू, अतर सिंह, रोहित, सचिन विकल, योगेश, विपिन, अमित, राजेश, पुष्पेंद्र सहित अन्य युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



